पूर्व राष्ट्रपति के निधन पर प्रधानमंत्री समेत कई नेताओं ने जताया शोक
नई दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी के निधन पर सोमवार को गहरा शोक व्यक्त किया। मोदी ने अपने शोक संदेश में कहा कि उनके निधन से पूरा भारत दुखी है और उन्होंने राष्ट्र के विकास पथ पर एक अमिट छाप छोड़ी है। वह …
नई दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी के निधन पर सोमवार को गहरा शोक व्यक्त किया। मोदी ने अपने शोक संदेश में कहा कि उनके निधन से पूरा भारत दुखी है और उन्होंने राष्ट्र के विकास पथ पर एक अमिट छाप छोड़ी है।
वह उत्कृष्ट विद्वान, एक राजनीतिज्ञ, राजनीति और समाज के सभी वर्गों में प्रशंसित रहे। दशकों के राजनीतिक जीवन के दौरान, मुखर्जी ने प्रमुख आर्थिक और रणनीतिक मंत्रालयों में लंबे समय तक योगदान दिया। वह एक उत्कृष्ट सांसद थे,जो बेहद मुखर थे और मजाकिया स्वभाव के भी थे।
India grieves the passing away of Bharat Ratna Shri Pranab Mukherjee. He has left an indelible mark on the development trajectory of our nation. A scholar par excellence, a towering statesman, he was admired across the political spectrum and by all sections of society. pic.twitter.com/gz6rwQbxi6
— Narendra Modi (@narendramodi) August 31, 2020
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीटर पर अपने संदेश में कहा कि पूर्व राष्ट्रपति, प्रणव मुखर्जी के स्वर्गवास के बारे में सुनकर हृदय को आघात पहुंचा। उनका देहावसान एक युग की समाप्ति है। प्रणव मुखर्जी के परिवार, मित्र-जनों और सभी देशवासियों के प्रति मैं गहन शोक-संवेदना व्यक्त करता हूं। उन्होंने कहा कि असाधारण विवेक के धनी, भारत रत्न मुखर्जी के व्यक्तित्व में परंपरा और आधुनिकता का अनूठा संगम था। पांच दशक के अपने शानदार सार्वजनिक जीवन में, अनेक उच्च पदों पर आसीन रहते हुए भी वे सदैव जमीन से जुड़े रहे। अपने सौम्य और मिलनसार स्वभाव के कारण राजनीतिक क्षेत्र में वे सर्वप्रिय थे।
प्रणब मुखर्जी का निधन राष्ट्र की अपूरणीय क्षति: योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के निधन को राष्ट्र की अपूरणीय क्षति बताते हुए कहा कि वे वह सार्वजनिक जीवन में शुचिता, पारदर्शिता एवं स्पष्टवादिता की प्रतिमूर्ति थे। उन्होंने परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि मेरी ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने परमधाम में स्थान दें। योगी ने ट्वीटकर कहा कि पूर्व राष्ट्रपति, भारत रत्न प्रणब मुखर्जी का निधन राष्ट्र की अपूरणीय क्षति है। वह सार्वजनिक जीवन में शुचिता, पारदर्शिता एवं स्पष्टवादिता की प्रतिमूर्ति थे। परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने परमधाम में स्थान दें। ॐ शांति!
भारत की राजनीति ने आज एक सच्चा रत्न खो दिया: अखिलेश
समाजवादी पार्टी(सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि देश ने राजनीति का एक सच्चा रत्न खो दिया है। यादव ने ट्वीटकर कहा कि भूतपूर्व राष्ट्रपति भारत रत्न प्रणब मुखर्जी जी को भावभीनी श्रद्धांजली! भारत की राजनीति ने आज एक सच्चा रत्न खोया है।
देश ने एक महान राजनीतिज्ञ और विचारक खो दिया: गहलोत
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि उनके निधन से देश ने एक महान राजनीतिज्ञ और विचारक खो दिया है। गहलोत ने शोक संदेश में कहा कि गरिमामय व्यक्तित्व के धनी प्रणव दा ने अपने व्यक्तित्व एवं कृतित्व से देश के समृद्ध संसदीय लोकतंत्र का गौरव बढ़ाया। लम्बे सार्वजनिक जीवन में दिवंगत मुखर्जी जिस भी पद पर रहे, वहां उन्होंने अपनी विशिष्ट कार्यशैली की अमिट छाप छोड़ी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के रूप में उनका योगदान महत्वपूर्ण रहा है, मुझे उनसे बहुत कुछ सीखने को मिला, उनका निधन मेरे लिए एक व्यक्तिगत क्षति है। भारत रत्न प्रणव मुखर्जी एक कुशल राजनेता, अपनी बुद्धिमत्ता और राष्ट्रीय हितों एवं लोकतान्त्रिक मूल्यों के प्रति गहरी प्रतिबद्धता के लिए सदैव अविस्मरणीय रहेंगे।
अश्विनी कुमार चौबे ने प्रणव मुखर्जी के निधन पर जताया शोक
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने देश के पूर्व राष्ट्रपति भारत रत्न प्रणव मुखर्जी के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है और कहा है कि उनके निधन से एक युग का अंत हो गया है। चौबे ने अपने शोक सन्देश में कहा कि मुखर्जी ने अपनी मेहनत से राजनीतिक जीवन में कई महत्वपूर्ण मुकाम हासिल किए। अपने निर्णय एवं कार्यों से देश को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि मुखर्जी संसदीय मामलों के विशेषज्ञ थे। विभिन्न पदों पर रहते हुए उन्होंने देश की सेवा की। उन्हें देशवासी हमेशा याद रखेंगे। ईश्वर से उनकी आत्मा को शांति व परिजनों को संबल प्रदान करने की कामना करता हूं।
मुखर्जी के देशसेवा और समर्पण को हमेशा याद किया जायेगा: मायावती
बहुजन समाज पार्टी(बसपा) अध्यक्ष मायावती ने पूर्व राष्ट्रपतिप्रणब मुखर्जी के निधन पर शोक व्यक्ति करते हुए कहा कि सौम्य व सभ्य स्वभाव के श्री मुखर्जी के लम्बे राजनीतिक जीवन व देशसेवा समर्पण को हमेशा याद किया जाता रहेगा। मायावती ने सोमवार को ट्वीटकर कहा कि देश की जानीमानी राजनीतिक हस्तियों में एक पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के इलाज के दौरान आज निधन की खबर अति-दुःखद। उनके शोकसंतप्त परिवार व समर्थकों के प्रति गहरी संवेदना। सौम्य व सभ्य स्वभाव के श्री मुखर्जी के लम्बे राजनीतिक जीवन व देशसेवा समर्पन को हमेशा याद किया जाता रहेगा।
