बरेली: 'रामपुर के रहने वाले हो...घर पर बुलडोजर चलवा दूंगा', एपिडिमियोलॉजिस्ट को मिली धमकी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

DEMO IMAGE

बरेली, अमृत विचार। इतने बड़े अधिकारी नहीं हो जो मेरी बात न मानो, रामपुर के रहने वाले हो न... तुम्हारे घर पर बुलडोजर चलवा दूंगा...। मंगलवार को जिला अस्पताल में एपिडिमियोलॉजिस्ट डॉ. मीसम अब्बास की ब्लड बैंक के कर्मचारी इमरान के बीच विभागीय मामले को लेकर शुरू हुई बहस इस हद तक पहुंच गई। जो मामला उच्चाधिकारियों के स्तर पर सुलझना था, जमकर नोकझोंक के बाद वह थाने पहुंच गया। पहले एपिडिमियोलॉजिस्ट और फिर ब्लड बैंक कर्मी ने भी तहरीर दे दी।

विवाद की शुरुआत तब हुई जब डॉ. मीसम अब्बास ने इमरान को संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम का अतिरिक्त प्रभार संभालने को कहा। इस पर इमरान ने तर्क दिया कि वह ब्लड बैंक में ही शासन के पोर्टल और डाटा संबंधी कई कामों की अतिरिक्त जिम्मेदारी संभाल रहे हैं इसलिए और ज्यादा काम नहीं संभाल पाएंगे। इसी बात पर दोनों के बीच नोकझोंक शुरू हो गई।

कुछ ही देर एपिडिमियोलॉजिस्ट इस कदर बिफर गए कि इमरान को धमकी के साथ अपशब्द कह डाले। इसके बाद कोतवाली जाकर इमरान के खिलाफ तहरीर दे दी। इमरान ने इस मामले में पहले जिला अस्पताल की एडीएसआईसी डॉ. अलका शर्मा से शिकायत की, फिर उन्होंने भी थाने जाकर तहरीर दे दी।

उधर, एडीएसआईसी ने डॉ. मीसम और इमरान दोनों से तहरीर वापस लेने और सामंजस्य के साथ काम करने के लिए कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि कि इन हरकतों से सरकारी काम प्रभावित हो रहा है। इमरान को एपिडिमियोलॉजिस्ट से लिखित माफी मांगने का भी आदेश दिया है।

यह भी पढ़ें- बरेली: जलभराव की समस्या से जीना हुआ दुश्वार, दो साल से झेल रहे अनूपमनगर के बाशिंदे

संबंधित समाचार