बिजनौर: कार व वाहन की टक्कर में सिपाही की मौत, वाहन चालक गंभीर रूप से घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बिजनौर/चांदपुर, अमृत विचार। चांदपुर-गजरौला मार्ग पर कार व वाहन (टाटा मैजिक) की टक्कर में कार में सवार सिपाही की मौत हो गई। जबकि टाटा मैजिक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बिजनौर रेफर कर दिया गया। 

क्षेत्र के ग्राम बबनपुरा निवासी नितिन पुत्र राजकुमार तोमर जनपद रामपुर के अजीमनगर थाने में सिपाही के पद पर तैनात था। बीते दिनों वह सात दिन की छुट्टी लेकर अपने रिश्तेदारों के साथ केदारनाथ धाम दर्शन करेने गया था। सोमवार रात लौटते समय अपने रिश्तेदार को चांदपुर छोड़कर कार से वापस अपने घर लौट रहा था। जब वह गजरौला मार्ग पर अपने गांव के नजदीक पहुंचा, तभी सामने से आ रही टाटा मैजिक कार से भिड़ गई। 

दुर्घटना में कार सवार नितिन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टाटा मैजिक चालक शैलेश गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी पर शिवसेना नेता चौ. वीर सिंह अपनी टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे और शैलेश को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र स्याऊ भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद शैलेश को बिजनौर जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। 

थानाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सिपाही को मंगलवार को थाना अजीमनगर में अपनी आमद करानी थी। नितिन की शादी पांच वर्ष पूर्व हुई थी। परिवार में पत्नी के अलावा चार वर्ष की बेटी और चार माह का बेटा है। मृतक अपने दो भाइयों में बड़ा था। वर्ष 2015 में यूपी पुलिस में सिपाही के पद पर भर्ती हुआ था।

ये भी पढ़ें:- रामपुर : अलीगढ़ के हादसे में मिलक के ट्रक चालक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

संबंधित समाचार