हरदोई : दहेज की खातिर तीन बार बोला तलाक, ससुराली जनों पर मामला दर्ज
शाहाबाद/ हरदोई, अमृत विचार। शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गढ़ी दरमियानी में दहेज की मांग पूरी न होने पर एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को तीन बार तलाक बोल दिया। इस सिलसिले में पति सहित साथ ससुराली जनों पर मामला दर्ज किया गया है। शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गढ़ी दरमियानी निवासी जोया पत्नी शहरोज उर्फ आदिल के अनुसार उसका विवाह 12 नवंबर 2018 को मुस्लिम रीति रिवाज के साथ शहरोज उर्फ आदिल पुत्र फरहत के साथ धूमधाम से संपन्न हुआ। इस विवाह में उसके पिता ने अपनी हैसियत के हिसाब से दान दहेज भी दिया लेकिन ससुराल में पहुंचने के बाद उसे पति द्वारा व्यापार के लिए एक दुकान और बाइक की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाने लगा, और खाने पीने के लिए भी परेशान किया जाने लगा।
बकौल जोया इसी बीच उसने एक पुत्री को जन्म दिया। जिससे ससुराल वाले और जल भूल गए। ससुराल वाले पुत्र चाहते थे परंतु उसने पुत्री को जन्म दिया। ससुराल वाले नाराज रहने लगे और आए दिन उसे ताना मारा जाता था। उसकी पुत्री की दवा भी नहीं कराई जाती थी । जोया के अनुसार 7 मई 2023 को दिन के 11:00 बजे उसके पति शहरोज उर्फ आदिल ने उसके साथ मारपीट करते हुए तीन बार तलाक बोल दिया। इस सिलसिले में मंगलवार को जोया ने अपने पति शहरोज उर्फ आदिल, श्रीमती शाहिदा, फरहत अफरोज खान श्रीमती तहसीन, मंतशा एवं अल्पसा के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें -हरदोई : शहीद उद्यान में टहलने पर हल्की नहीं होगी जेब
