लखनऊ : AC वैन से लाने होंगे अंडे, नहीं तो Task Force करेगी जब्त
तापमान से खराब अंडों का सेवन रोकने को व्यवस्था
लखनऊ, अमृत विचार। अंडों को अधिक तापमान से बचाने के लिए एसी वैन से लाना होगा। साथ ही विक्रेताओं को कोल्ड स्टोर में भंडारित करना पड़ेगा। ऐसा न करने पर चेकिंग के दौरान पकड़े जाने पर टास्क फोर्स अंडे जब्त कर वाहन सीज करेगी। यह बातें अपर जिलाधिकारी प्रशासन विपिन मिश्रा ने कही हैं।
मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन विपिन मिश्र ने पशु पालन, परिवहन, खाद्य सुरक्षा, पुलिस व उद्यान विभाग के साथ जनसामान्य को गुणवत्तायुक्त अंडे की उपलब्धता कराने के संबंध में बैठक की। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि अधिक तापमान के कारण अंडे खराब हो जाते हैं और जानकारी न होने पर लोग सेवन करते हैं। क्योंकि विक्रेता अंडे खुले वाहनों में लाते हैं और भंडारण फ्रीजर या आईस बाक्स में नहीं करते हैं। ऐसे में सरकार ने कुक्कट विकास नीति-2013 के तहत नया नियम लागू किया है। जिसके तहत 150 किमी से अधिक दूरी से अंडा एसी वैन से लाएंगे और ज्यादा दिन तक रखने के लिए कोल्ड स्टोर में भंडारण करेंगे। जहां, फल व सब्जियों से अंडे अलग रखेंगे।
अपर जिलाधिकारी ने चेकिंग के लिए टास्क फोर्स बनाई। जिसमें पोल्ट्री प्रोगाम अधिकारी, एआरटीओ, खाद्य सुरक्षा, उद्यान निरीक्षक व डीसीपी को शामिल किया गया। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि टास्क फोर्स वाहन व कोल्ड की चेकिंग करेंगी। खुले वाहन में अंडे आए और कोल्ड में भंडारण न मिला तो जब्त कर वाहन सीज करेंगे। बैठक में सहायक खाद्य आयुक्त एसपी सिंह, उद्यान निरीक्षक अविनाशचंद्र श्रीवास्तव, डीसीपी बसंतलाल व एआरटीओ हिमांशू जैन रहे।
ये भी पढ़ें -लखनऊ: AAP सांसद संजय सिंह का बीजेपी पर हमला, कहा- बिजली देने में फेल हुई डबल इंजन की सरकार
