बरेली: कोविड एल-2 अस्पताल में शुरू हुई ऑक्सीजन सप्लाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। जिले में लगातार बढ़ते कोरोना के मामलों को देखते हुए शहर में खुर्रम गौटिया स्थित 300 बेड अस्पताल कोविड केयर के रूप में शुरू किए जाने का अधिकांश काम पूरा हो गया है। सोमवार को अस्पताल में लगे ऑक्सीजन प्लांट से आईसीयू वार्ड को आक्सीजन सप्लाई शुरू हो गई हैं। स्वास्थ्य विभाग …

बरेली, अमृत विचार। जिले में लगातार बढ़ते कोरोना के मामलों को देखते हुए शहर में खुर्रम गौटिया स्थित 300 बेड अस्पताल कोविड केयर के रूप में शुरू किए जाने का अधिकांश काम पूरा हो गया है। सोमवार को अस्पताल में लगे ऑक्सीजन प्लांट से आईसीयू वार्ड को आक्सीजन सप्लाई शुरू हो गई हैं।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, स्टाफ की तैनाती की प्रक्रिया को भी पूरा किया जा चुका है। अगले सप्ताह से अस्पताल में स्थित आईसीयू में कोरोना के गंभीर मरीजों का उपचार शुरू कर दिया जाएगा।

कोविड एल-2 अस्पताल शुरू होने के आदेश आते ही सबसे बड़ी समस्या उस समय सामने आई, जब आक्सीजन प्लांट लगाने वाली कंपनी ने सीएमओ को पत्र लिखकर प्लांट चोरी होने की शिकायत की थी। आक्सीजन प्लांट मिलते ही सीएमओ ने तुरंत आक्सीजन प्लांट शुरू कराने के आदेश दिए। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कंपनी के कर्मचारियों से मुआयना करने को कहा तो वायरिंग के अलावा सभी सामान मौजूद मिला। इसकी सूचना सीएमओ को देने के बाद आक्सीजन प्लांट का काम तेजी से किया गया।

सीएमएस डॉ. वागीश वैश्य के मुताबिक, आईसीयू में आक्सीजन सप्लाई का ट्रायल कर सप्लाई शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही अस्पताल में स्टाफ की तैनाती की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। सोमवार देर शाम तक चार डाक्टरों सहित स्टाफ नर्स, वार्ड ब्वॉय, आया, सफाई कर्मचारी व अन्य स्टाफ की तैनाती की प्रक्रिया पूरी कर ली गई। शेष 14 पदों पर कवायद जारी है।

आइएमए ने मदद को बढ़ाया हाथ
हाल ही में एडी हेल्थ डा. जावेद हयात ने मंडल के सभी जिलों के सीएमओ के साथ बैठक कर कोविड एल-2 अस्पताल में तैनाती के लिए डॉक्टर की मांग की थी। इसके साथ ही आईएमए से भी मदद मांगी गई। इस पर आइएमए अध्यक्ष डॉ. राजेश अग्रवाल ने कहा कि जब तक रिक्त पदों पर डाक्टरों की तैनात नहीं होती है, तब तक आईएमए बिना शुल्क के सहयोग करने के लिए तैयार है।

संबंधित समाचार