प्रणब मुखर्जी के सम्मान में सात दिन का राजकीय शोक
नई दिल्ली। पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी का सोमवार को निधन हो गया और उनके सम्मान में सोमवार से देश भर में सात दिन के राजकीय शोक की घोषणा की गई है। गृह मंत्रालय ने एक वक्तव्य जारी कर कहा है कि सरकार गहरे दुख के साथ पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के निधन की घोषणा करती …
नई दिल्ली। पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी का सोमवार को निधन हो गया और उनके सम्मान में सोमवार से देश भर में सात दिन के राजकीय शोक की घोषणा की गई है। गृह मंत्रालय ने एक वक्तव्य जारी कर कहा है कि सरकार गहरे दुख के साथ पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के निधन की घोषणा करती है। उनका सेना के रिसर्च एंड रैफरल अस्पताल में उपचार चल रहा था।
दिवंगत आत्मा के सम्मान में देश भर में सोमवार से 6 सितम्बर तक सात दिन का राजकीय शोक रहेगा। इस दौरान देश भर में सभी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और आधिकारिक तौर पर मनोरंजन के कोई कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे। मुखर्जी का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा लेकिन इसकी तिथि, समय और स्थान की घोषणा बाद में की जाएगी।
पूर्व राष्ट्रपति को गत 10 अगस्त को आर आर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां उनके मस्तिष्क में खून का थक्का जमा होने का पता चला जिसके बाद उनका ऑपरेशन किया गया था। बाद में उनके फेफड़े में संक्रमण हो गया और गुर्दे में भी गड़बड़ी हो गयी। अस्पताल ने आज सुबह जारी बुलेटिन में कहा था कि मुखर्जी की हालत में रविवार के बाद से गिरावट दर्ज की गयी है और उनके कुछ अंगों ने काम करना बंद कर दिया है। वह पिछले काफी दिनों से गहरी बेहोशी की हालत में थे। उन्हें लगातार वेंटीलेटर पर ही रखा गया था।
