शाजहांपुर: सांसद-विधायकों से चर्चा कर बाढ़ से बचाव की योजनाएं बनाने के निर्देश
शाजहांपुर, अमृत विचार। सांसद अरुण कुमार सागर, सभी विधायकों और महापौर के साथ बुधवार को डीएम उमेश प्रताप सिंह ने बाढ़ से बचाव की तैयारियों को लिए समीक्षा बैठक की। हालांकि कटरा विधायक वीर विक्रम सिंह को छोड़कर अन्य विधायक शामिल नहीं हुए।
ददरौल और पुवायां चेयरमैन ने अपने प्रतिनिधि भेज दिए। सांसद ने बाढ़ समस्या के स्थाई समाधान पर जोर दिया। कटरा विधायक ने भी कई जरूरी निर्माण कराने को कहा। डीएम ने चर्चा के आधार पर योजनाएं बनाने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि समय से सभी तैयारी पूरी कर लें।
बैठक में डीएम ने कहा कि जनप्रतिनिधियों से मिले सुझावों के आधार पर तैयारियां पूरी करते हुए योजनाएं बनाई जाएं। जिससे बाढ़ के कारण होने वाले नुकसान को कम किया जा सके। कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से बाढ़ से बचाव के संबंध में सभी तैयारी समय से पूरी करने के लिए कहा गया है।
उन्होंने मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं के रहने के लिए आश्रय स्थल और उनके चारे का प्रबंध किया जाए। पशुओं के टीकाकरण का कार्य भी समय से पूरा कराए जाने के निर्देश जिलाधिकारी ने दिए। बाढ़ चौकियों की समय से स्थापना की जाए।
नगरीय निकाय के अधिकारियों और जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिया कि प्रभावित क्षेत्रों में साफ-सफाई का पर्याप्त प्रबंध निश्चित किया जाए। नगर क्षेत्र में नालों की साफ-सफाई व अन्य आवश्यक प्रबंध किया जाए। कोलाघाट पुल व अन्य क्षेत्रों में नावों पर ओवरलोडिंग ना हो यह सुनिश्चित किया जाए। बैठक में महापौर अर्चना वर्मा, एडीएम प्रशासन संजय कुमार पांडेय, एडीएम वित्त एवं राजस्व त्रिभुवन आदि रहे।
ये भी पढ़ें:- संरा मुख्यालय में योग सत्र का नेतृत्व करेंगे प्रधानमंत्री मोदी, रुचिरा कंबोज ने कहा- योग उत्सव एक 'अनोखा अवसर'
