बरेली: बॉम्बे हाईकोर्ट में रबड़ फैक्ट्री केस में पैरवी करने मुंबई गए यूपीसीडा आरएम
4 जुलाई को कमिश्नर कार्यालय में भी है प्रशासन और अलकेमिस्ट के बीच बैठक
बरेली, अमृत विचार। बॉम्बे हाईकोर्ट में रबड़ फैक्ट्री केस में गुरुवार को अहम सुनवाई होगी। केस की पैरवी करने के लिए यूपीसीडा के क्षेत्रीय प्रबंधक संतोष कुमार बुधवार को मुंबई रवाना हो गए।
शासन ने केस में पैरवी के लिए क्षेत्रीय प्रबंधक को अधिकृत किया है। अभी तक पैरवी के लिए मुंबई भेजे जाने वाले अधिकारी को डीएम अपने स्तर से अधिकृत करते थे। बार-बार अधिकृत करने के झंझट से दिक्कतें भी आती थीं। बाद में कमिश्नर सौम्या अग्रवाल ने प्रमुख सचिव औद्योगिक को पत्र लिखकर मामले का हल निकाला था।
इस बार की सुनवाई को जिला प्रशासन अहम मान रहा है। अधिकारी उम्मीद जता रहे हैं कि अगली तारीख आदेश की मिलने वाली है। इस केस में सभी पक्षों की बहस पहले ही हो चुकी है। हाेली से पहले फैसला सुरक्षित रख लिया था लेकिन सुनाए जाने की तारीख घोषित नहीं हुई थी। गुरुवार को एडिशनल सॉलिसिटर जनरल भी केस की पैरवी में कोर्ट रूट में उपस्थित रहेंगे।
4 जुलाई को होगी बैठक
4 जुलाई को जिला प्रशासन और अलकेमिस्ट एसेट रि-कंस्ट्रक्शन कंपनी के बीच देनदारियों को लेकर बैठक होने वाली है। इस बैठक में कमिश्नर सौम्या अग्रवाल ने अलकेमिस्ट के पदाधिकारी से फैक्ट्री की देनदारियों के संबंध में संपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने को कहा है।
अपर आयुक्त वित्त प्रीति जायसवाल ने डीएम को हाल ही में रबड़ फैक्ट्री की देनदारियों के संंबंध में पत्र भेजा था, जिसमें 2006 तक फैक्ट्री पर विभिन्न बैंकों की सभी प्रकार की 3.18 अरब से अधिक की देनदारियों का हिसाब-किताब की रिपोर्ट भी संलग्न थी।
यह भी पढ़ें- बरेली: कस्तूरबा की बालिकाएं बनेंगी आत्मनिर्भर, मेंहदी, ब्यूटीशियन और कढ़ाई-सिलाई की मिलेगी शिक्षा
