डीसीबी अध्यक्ष चुनाव: दो दिन पहले कर ली सहकारिता मंत्री ने बैठक
नव निर्वाचित बैंक संचालकों से कहा- सहकारिता को ऊंचाइयों पर ले जाएं
फोटो- बरेली मोड़ स्थित होटल में नव निर्वाचित बैंक संचालकों को संबोधित करते सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर।
शाहजहांपुर, अमृत विचार। जिला सहकारी बैंक के संचालक मंडल के गठन बाद 23 जून को चेयरमैन का चुनाव होना है। ऐसे में दो दिन पहले बुधवार को बरेली मोड़ स्थित एक होटल में सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर का नव निर्वाचित संचालक मंडल के साथ परिचय बैठक को इसी कड़ी में जोड़कर देखा जा रहा है।
बैठक में सहकारिता मंत्री ने कहा कि हर बैंक डायरेक्टर एक पैक्स को गोद लेकर क्षेत्र में किसानो व आम जनता को सहूलियतें देकर सहकारिता को ऊंचाइयों पर ले जाएं। प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह की मंशानुरूप प्रत्येक जिला सहकारी बैंक और उसके प्रतिनिधिगण प्रदेश के करोड़ों लोगों के जीवन स्तर को ऊपर उठाने का काम कर सकते हैं।
सहकारिता मंत्री ने कहा कि अगले चार वर्षों में सरकार हर पंचायत में नई बहुउद्देस्यीय सहकारी समितियों, प्राथमिक मत्स्य समितियों और डेयरी सहकारी समितियों की स्थापना करेगी। इससे सहकारिता आंदोलन को नई दिशा और गति प्रदान होगी, जिससे क्षेत्रीय किसान और अधिक सशक्त होगा।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी सौरभ द्विवेदी के संचालन में हुई बैठक में उप्र पैक्सफेड के वाइस चेयरमैन आलोक कुमार सिंह ने कहा सहकारिता के हो रहे चुनाव में भाजपा ने प्राथमिक समितियों से लेकर जिला सहकारी बैंक के संचालकों के चुनाव में एकतरफा जीत हासिल की है। सपा, बसपा, कांग्रेस मैदान छोडकर भाग गए।
बैठक में निवर्तमान डीसीबी सभापति डीपीएस राठौर, उपसभापति अजय कुमार प्रजापति, जिला सहकारी संघ सभापति रमाकांत मिश्रा, केंद्रीय उपभोक्ता भंडार सभापति मुकेश राठौर, डीसीबी संचालक देवनारायण मिश्र, नीतू भूपेन्द्र सिंह, अनुराग कठेरिया, बृजेश कुमार मिश्रा, अरुण कुमार सिंह आदि मौजूद रहे। सहायक निबंधक प्रवीण कुमार ने आभार जताया। इससे पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा व महनगर महामंत्री अंशुल सिंह चौहान ने कार्यकर्ताओं के साथ बरेली मोड़ पर सहकारिता मंत्री का फूलमालाओं से स्वागत किया।
यह भी पढ़ें- बरेली: किशोरी से जीजा ने किया दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाकर किया वायरल
