शाहजहांपुर: सुहाने मौसम में भोर होते ही चहुंओर बिखरे योग के रंग
नौवें विश्व योग दिवस की रही धूम, बच्चों-बूढ़ों, महिलाओं और युवाओं ने किया योग
शाहजहांपुर, अमृत विचार। नौवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की चहुंओर धूम रही। योग के रंग हर ओर बिखरते नजर आए। शहर से लेकर गांवों तक बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने योग अपनाकर स्वस्थ राष्ट्र की कामना की। शिक्षण संस्थाओं, सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों, चौपालों, सार्वजनिक स्थलों, मेडिकल कालेजों, पुलिस लाइंस समेत तमाम स्थानों पर योग दिवस मनाया गया। सभी ने कॉमन योगा प्रोटोकाल के अंतर्गत योगाभ्यास किया। मुख्य आयोजन जीएफ कालेज मैदान में आयोजित किया गया। आसमान में उमड़ रहे बादलों से मौसम भी सुहाना रहा।
जीएफ कालेज मैदान पर मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम उमेश प्रताप सिंह, महापौर अर्चना वर्मा, जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन डीपीएस राठौर, नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा, आईआईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक अग्रवाल, एडीएम संजय कुमार पांडेय, त्रिभुवन और राशिद अली, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. राजीव कुमार एवं जिला होम्योपैथिक अधिकारी डॉ. सुमन आदि ने मां सरस्वती और महर्षि पतंजलि के चित्र के समक्ष द्वीप प्रज्जवलित कर और पुष्पार्चन कर किया।
इसके बाद योग विज्ञान संस्थान के जिला प्रधान योग प्रशिक्षक डॉ. अवधेश मणि त्रिपाठी ने कॉमन योगा प्रोटोकाल के तहत उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों, पीआरडी जवानों, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट-गाइड्स, महिलाओं और बच्चों को योग कराया। मंच पर योग का प्रदर्शनआयुष विभाग के योग प्रशिक्षक मृदुल कुमार गुप्ता, अभिनव शुक्ला, योग विज्ञान संस्थान की ज्योति गुप्ता, गीता पांडेय ने किया।
कवि डॉ. इंदु अजनबी के संचालन में चले कार्यक्रम में सराहनीय प्रयासों के लिए अतिथियों ने समस्त आयुर्वेदिक चिकित्साधिकारियों, फार्मासिस्ट इंचार्ज, योग गुरू डॉ. अवधेश मणि त्रिपाठी, कार्यालय सहायक इमरान अली आदि को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इसके अतिरिक्त सभी तहसीलों, ब्लाकों, नगर पंचायतों और अमृत सरोवर के किनारे भी योग दिवस मनाया गया।
यह ही पढ़ें- शाहजहांपुर: सीवरेज की खुदाई के बीच बारिश से नरक हुआ शहर, व्यापार मंडल लामबंद
