मुरादाबाद : दंपति के बीच कलह के 70 प्रतिशत से अधिक मामले पति की शराब की बुरी लत की वजह से 

दंपति के आपसी विवाद में पुरुष के नशेड़ी होने और दहेज के लेन-देन वाले सर्वाधिक मामले, पत्नियां ही पहुंच रहीं शिकायत लेकर 

मुरादाबाद : दंपति के बीच कलह के 70 प्रतिशत से अधिक मामले पति की शराब की बुरी लत की वजह से 

मुरादाबाद , अमृत विचार। पारिवारिक कलह के 70 प्रतिशत से अधिक मामले पति के शराब पीने की लत कारण हुए हैं। महिला थाना में पति की तरफ से दर्ज कराई जाने वाली शिकायतों की संख्या काफी कम है लेकिन, हां सर्वाधिक मामले पत्नी की तरफ से दर्ज कराए गए हैं। 

बुधवार दोपहर के 1.45 बजे थे। थाने के गेट पर कुछ खड़ी महिलाएं नकाब में थीं। कई युवक भी खड़े थे। महिला सिपाही इन लोगों को गेट से खदेड़ती दिखीं। थाना परिसर में दो परिवारों की आपस में बहसबाजी हो रही थी। वहीं थाने के भीतर भी कुछ महिलाएं प्रार्थना पत्र लिए कांस्टेबल से जानकारी लेती मिलीं। दोपहर के 2.30 बज गए थे। थानाध्यक्ष दीपा त्यागी अपने चैंबर में एक मामले में पति-पत्नी के विवाद को सुलझा रही थीं।

परिवार के सदस्यों से पता चला कि थाने में आपसी विवाद लेकर पहुंचे नव दंपति का विवाह अभी चार-पांच महीने पहले ही हुआ है। थानाध्यक्ष दीपा त्यागी ने नव विवाहिता के ससुराल वालों को चैंबर से बाहर कर पति-पत्नी की सुनवाई शुरू की। इस दौरान उन्होंने नव विवाहिता को सीख देते हुए कहा कि विवाह के अगले दो साल तक ससुराल में सबकी सुनो। रहन-सहन, परिवेश, हाव-भाव को परखिए। फिर दो साल बाद ससुराल वाले आपकी सुनेंगे, आपका किचन पर होल्ड होगा और आप घर की मालकिन रहेंगी। 

थानाध्यक्ष ने बताया कि हर रोज औसतन छह-सात प्रार्थना पत्र प्राप्त होते हैं। किसी-किसी दिन एक भी प्रकरण नहीं आता है, लेकिन ऐसा बहुत ही कम होता है।  दारोगा कोमल ने बताया कि महिला थाने में 70 प्रतिशत से अधिक मामले पति की गलत आदतों के कारण सामने आ रहे हैं। उनकी पत्नियां पति के शराब पीने के बाद मारपीट करने और घर से निकाले जाने की ही शिकायत लेकर आती हैं। एक दो मामले दहेज से जुड़े भी आते हैं।  वादों का हाल बताने में निर्देश की जरूरत : पिछले तीन वर्षों में पति-पत्नी के विवाद वाले कितने और किस तरह की प्रवृत्ति वाले प्रकरण दर्ज किए गए हैं, उनके निस्तारण की स्थिति क्या है। इस सवाल पर थानाध्यक्ष दीपा त्यागी ने कहा वह वरिष्ठ जन से निर्देश प्राप्त करने पर ही कोई जानकारी दे सकेंगी। 

बहन लापता, नहीं हो रही सुनवाई
थाने के बाहर गेट के पास नकाब में खड़ी शना ने बताया कि वह जामा मस्जिद मुहल्ले से आई हैं। उनकी छोटी बहन परवीन 13 दिन से लापता है। वह कटघर थाने में कई बार गई। जयंतीपुर पुलिस चौकी पर भी गई लेकिन, उसकी कहीं पर सुनवाई नहीं हुई है तो वह महिला थाने में आई है। उसने बताया कि प्रार्थना पत्र दिया है।

थानें में पति-पत्नी के आपसी विवाद के ही मामले सामने आते हैं। इनको सुलझाने की पूरी कोशिश होती है। दोनों पक्ष के परिवार को बुलाकर उनकी काउंसिलिंग करते हैं। दूसरी बात यह भी है कि यहां समस्या लेकर आने वाले किसी के साथ कोई भेदभाव न होने पाए, इसके लिए हम खुद थाने के प्रत्येक कर्मी पर नजर रखते हैं।- दीपा त्यागी, थानाध्यक्ष-महिला थाना

ये भी पढ़ें : तानाशाही : अफसरशाही के रौब में यातायात नियम ‘धुंआ’, कंडम वाहन से अधिकारी भर रहे फर्राटा