अमरोहा : डग्गामार वाहनों की भरमार, पाबंदी लगाने में अधिकारी नाकाम!

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हसनपुर (अमरोहा), अमृत विचार। डग्गामार वाहनों के चलते हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए मुख्यमंत्री ने डग्गामार वाहनों पर सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया था। लेकिन हसनपुर तहसील क्षेत्र की सड़कों पर जमकर मुख्यमंत्री के आदेश का पालन होता नहीं दिख रहा है। सड़कों पर प्रतिदिन पुलिस व तहसील प्रशासन की नाक के नीचे सैकड़ों की संख्या में डग्गामार वाहनों का संचालन किया जा रहा है। वहीं डग्गामार वाहनों के संचालन में यात्रियों की सुरक्षा का भी कोई ध्यान नहीं रखा जा रहा है, जिसके चलते किसी भी समय बड़ी दुर्घटना हो सकती है। 

हसनपुर तहसील क्षेत्र के विभिन्न मार्गों पर डग्गामार वाहनों की भरमार देखने को मिल रही है। मुख्य मार्ग हों या फिर ग्रामीण क्षेत्रों को जाने वाले मार्ग सभी पर दिन भर डग्गामार वाहनों को दौड़ते देखा जा रहा है। मार्गों पर डग्गामारी करते हुए दौड़ रहे मैजिक, मैक्स, ई-रिक्शा, टेंपो आदि में यात्री सुरक्षा मानकों की भी जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। वाहनों पर क्षमता से अधिक सवारियों को भरकर यात्रा की जा रही है। जिससे कभी भी दुर्घटना हो सकती है। वहीं डग्गामार वाहनों के संचालन के चलते सरकारी राजस्व का भी नुकसान हो रहा है। रोडवेज बसों को जहां यात्री नहीं मिल रहे,तो वहीं परमिट वाहनों की संख्या कम हो रही है।

यात्रियों का आरोप है, कि वाहन स्वामी जबरन किराया भी अधिक वसूल रहे हैं। वहीं विरोध करने पर यात्रियों से बदसलूकी भी की जाती है। कई यात्रियों का कहना है, कि जिम्मेदार अधिकारियों से इसकी शिकायत भी की गयी है, लेकिन कार्रवाई शून्य है।क्षेत्र में चर्चा है, कि अवैध डग्गामार वाहनों के संचालकों को राजनीतिक, पुलिस एवं प्रशासन का संरक्षण हासिल है। जिसके चलते जिम्मेदार सब कुछ देखने के बाद भी अवैध टैंपो, टैक्सी, बस आदि के संचालन पर कोई पाबंदी नहीं लगा रही है। प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार वर्मा द्वारा बताया गया कि समय-समय पर अभियान चलाकर इन डग्गामार वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी, जो आगे भी जारी रहेगी।

ये भी पढ़ें : अमरोहा: नर्सरी के जीने में पड़ा मिला चौकीदार का शव, जांच में जुटी पुलिस

संबंधित समाचार