अयोध्या: राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में भी शुरू हुई ऑनलाइन स्थानांतरण की कवायद, 25 जून तक होगा आवेदन
प्रधानाचार्य, उप प्रधानाचार्य, प्रवक्ता और सहायक अध्यापक आयेगें दायरे में, 25 तक होगा आवेदन
अयोध्या/अमृत विचार। बेसिक शिक्षा विभाग के बाद अब माध्यमिक शिक्षा विभाग में तबादलों की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। शिक्षा निदेशक माध्यमिक शिक्षा के निर्देश पर राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में आनलाइन स्थान्तरण के लिए निर्देश दिए गए हैं। इन तबादलों के दायरे में जिले के 26 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य, उप प्रधानाचार्य समेत प्रवक्ता आदि आयेगें।
बता दे कि जिले में 26 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों समेत 50 सहायता प्राप्त और 40 संस्कृत सहायता प्राप्त विद्यालय हैं। वित्त विहीन माध्यमिक विद्यालयों की संख्या 345 है। शासन ने बेसिक शिक्षा विभाग में तबादलों की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही राजकीय माध्यमिक विद्यालय में तबादलों का आदेश जारी कर दिया है। आदेश के तहत इन कालेजों में तैनात प्रधानाचार्य, उप प्रधानाचार्य, प्रवक्ता और सहायक अध्यापकों सत्र वर्ष 2023-24 के तहत स्थान्तरण किया जाना है।
इसके लिए आनलाइन आवेदन ही लिए जायेगें। तबादलों के लिए एनआईसी द्वारा विकसित वेबसाइट के माध्यम से 23 जून से 25 जून तक सायं चार बजे तक आवेदन लिए जायेगें। जिला विद्यालय निरीक्षक वीरेश कुमार ने बताया कि आवेदनों को आवेदन करते समय मोबाइल नम्बर, मेल आईडी का प्रयोग करना होगा।
आवेदन आनलाइन ही सबमिट होगें, आफ लाइन आवेदन कदापि स्वीकार नहीं किए जायेगें। उन्होंने बताया कि निर्धारित वेबसाइट पर क्लिक करने के बाद आवेदन प्रारुप भरा जाना है। डीआईओएस ने बताया कि सत्यापन की तिथि शासन की ओर से घोषित किए जाने के बाद ही आवेदन करने वाले शिक्षकों की सूची जारी की जाएगी।
यह भी पढ़ें:-अयोध्या: 84 कोसी परिक्रमा पथ पर सरकार ने बढ़ाए कदम, दो हजार करोड़ से ज्यादा का टेंडर जारी
