रामपुर: ढाबे पर सो रहे चौकीदार को डंपर ने कुचला, मौके पर मौत...परिजनों में कोहराम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामपुर/मसवासी,अमृत विचार। बरेली-हरिद्वार फोरलेन मार्ग के निकट मिलक नोखरीद में निर्माणाधीन ढाबे पर सो रहे चौकीदार की डंपर के चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस को सूचना दिए बिना परिजनों ने समझौता कर शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
      
पट्टीकला के मजरा घोसीपुरा निवासी महफूज (50) पुत्र अब्दुल शकूर काफी समय से मिलक नोखरीद निवासी सरदार पिंदी सिंह के फार्म हाउस पर रहता था। बताया जाता है कि इसी फार्म हाउस का फोरलेन मार्ग के निकट ढाबे का निर्माण कार्य जारी है। बुधवार देर रात महफूज निर्माणाधीन ढाबे पर रात में चारपाई डालकर परिसर में सो रहा था कि फार्म हाउस के चालक ने डंपर को बैक किया तो पिछला हिस्सा चौकीदार की चारपाई पर चढ़ गया। 

चौकीदार की मौके पर ही कुचलने के कारण मौत हो गई। रात में ही चौकीदार के परिजनों को सूचना दी गई तो परिजन रोते बिलखते पहुंचे। मामले में पुलिस को सूचना नहीं दी गई। गांव के कुछ संभ्रांत लोगों की पंचायत में दोनों पक्षों में समझौते के आधार पर मृतक को गांव के ही कब्रिस्तान में सुपुर्दे खाक किया गया। मृतक के दो पुत्र और तीन पुत्रियां हैं।

ये भी पढ़ें:- अब्दुल्ला के दो जन्म प्रमाण पत्र मामले में मुंबई से रामपुर कोर्ट पहुंचा गवाह, अब 26 जून को होगी सुनवाई

संबंधित समाचार