बरेली: सुधर जाओ नहीं तो इलाज जानते हैं...लापरवाही पर समझौता नहीं
बरेली, अमृत विचार। बरेली जंक्शन पर सीनियर डीसीएम कोचिंग सुधीर सिंह ने गुरुवार को निरीक्षण किया। उन्होंने आरक्षण कार्यालय पर संबंधित अधिकारियों से ड्यूटी के दौरान मोबाइल चलाने वाली महिला कर्मचारी के बारे में भी पूछा। उन्होंने कहा ऐसे लापरवाह कर्मचारियों का इलाज उनके पास है। जल्द उसका ट्रांसफर किया जाएगा। ड्यूटी में मिल रही गड़बड़ियों की शिकायत पर सीबीएस को फटकार लगाई।
बीते दिनों जंक्शन के आरक्षण कार्यालय में तैनात एक महिला रेलकर्मी का वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें वह यात्री का रिजर्वेशन करने की जगह अपने मोबाइल में व्यस्त थीं। इससे पहले भी महिला की लापरवाही की कई शिकायतें मंडल तक पहुंच चुकीं थीं। गुरुवार को सीनियर डीसीएम आरक्षण कार्यालय पहुंचे तो उन्होंने सबसे पहले आरोपी कर्मी के बारे में पूछा तो पता चला कि उसकी ड्यूटी दोपहर दो बजे है।
जिस पर सीनियर डीसीएम ने पीआरएस इंचार्ज निशा रानी गुप्ता से कहा कि ऐसे लापरवाह कर्मचारियों का इलाज उनके पास है। जल्द ही लापरवाह महिलाकर्मी के ट्रांसफर की प्रक्रिया मंडल स्तर से अमल में लाई जाएगी। इसके बाद सीनियर डीसीएम ने बुकिंग में ड्यूटी रोस्टर चेक किया और ड्यूटी लगाने में चल रही अनियमितताओं को लेकर सीबीएस को फटकार लगाई। यहां कर्मचारियों की काउंसलिंग भी की।
हर हालत में बिकेगा जनता खाना
सीनियर डीसीएम सुधीर सिंह ने स्टेशन के वीआईपी रूम में मीडिया से वार्ता में कहा कि सभी स्टॉल और ट्रॉली संचालकों को निर्देश दिये गये हैं कि 15 रुपये में लोगों को जनता खाना उपलब्ध होना चाहिए। अगर किसी के यहां जनता खाना नहीं मिला तो कार्रवाई की जाएगी। पानी की ओवर रेटिंग और गर्मी के मौसम में दूसरे ब्रांड या लोकल पानी जंक्शन पर खपाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी। इस दौरान सीएमआई राकेश सिंह, सीएमआई सनत तरफदार, सीएचआई सलाउद्दीन अंसारी, सीआईटी बालक राम, जन शिकायत निरीक्षक अक्षय, स्टेशन अधीक्षक भानु प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।
ये भी पढे़ं- बरेली: लक्ष्य निर्धारण पर हुआ अतिथि व्याख्यान, शिक्षक और तमाम विद्यार्थी रहे उपस्थित
