बरेली: बनी हुई सड़क की खोदाई करने पर मशीनें जब्त कर रिपोर्ट दर्ज कराएं: कमिश्नर सौम्या अग्रवाल
बरेली, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी में कभी भी बनी हुई सड़क को बिजली विभाग, जल निगम या अन्य एजेंसी खोद देती है। इससे लोगों को परेशानी होती है। इस पर कमिश्नर सौम्या अग्रवाल ने नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने ऐसा करने पर संंबंधित विभाग की मशीनें जब्त कर एफाईआर कराने के सख्त निर्देश दिए हैं।
कमिश्नर ने गुरुवार को स्मार्ट सिटी के कार्यों की समीक्षा की। स्मार्ट सिटी कार्यालय में हुई समीक्षा बैठक में अब तक किये कार्यों की प्रगति और पिछली बैठक में कार्यों को पूर्ण करने के दिये लक्ष्य की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्माणाधीन परियोजना कुतुबखाना पुल के वर्क चार्ट के अनुसार कार्य की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति में हुई क्षति को आगामी माह में सम्मिलित करते हुए तय लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए श्रमिकों और संयंत्रों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिये।
उन्होंने स्पोर्ट्स ऑफिसर कमेटी के सुझावों को प्राक्कलन में शामिल करते हुए बोर्ड बैठक से पूर्व पत्रावली पर अनुमोदन कराने और काम को जुलाई तक पूरा कराने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने बरेली स्मार्ट सिटी के अन्तर्गत निर्माणाधीन एवं पूरी हो चुके मार्गों की प्रगति आख्या चाही तो संबंधित अभियंता ने बताया कि काम को तेज गति से कराया जा रहा है।
पटेल चौक पर बन रहे स्काई वॉक की प्रगति भी मंडलायुक्त ने जानीं। संबंधित अभियंता ने उन्हें बताया कि कार्य की लिफ्ट एवं एक्सीलेटर की सामग्री की आपूर्ति हो चुकी है, जिसको लगाने का कार्य एक-दो दिन में शुरू कर दिया जाएगा। यह काम 15 जुलाई तक पूर्ण कराया जाना प्रस्तावित है। उन्होंने भूमिगत केबल कार्य के लिए पावर कार्पोरेशन के अधीक्षण अभियंता को निर्देश दिए कि सुबह शट डाउन देकर काम कराएं। बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी निधि गुप्ता वत्स, सुनील कुमार यादव, सहित लोक निर्माण अभियन्ता लोक निर्माण विभाग अधीक्षण अभियंता भी मौजूद रहे।
ये भी पढे़ं- बरेली: संजीव गर्ग मर्डर केस में फर्जी जमानती पर सुभाषनगर पुलिस को नोटिस
