Kanpur News : 70 करोड़ से चमकेंगे शहर के औद्योगिक क्षेत्र, Nagar Nigam के साथ यूपीसीडा करेगा विकास कार्य

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

70 करोड़ से कानपुर के औद्योगिक क्षेत्र चमकेंगे।

कानपुर के औद्योगिक क्षेत्र 70 करोड़ से चमकेंगे। नगर निगम के साथ यूपीसीडा पनकी और चकेरी, रूमा औद्योगिक क्षेत्र में विकास कार्य करेगा।

कानपुर, [अभिषेक वर्मा]। शहर में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए शासन स्तर से लगातार कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में औद्योगिक क्षेत्र पनकी, चकेरी और रूमा को भी चमकाने की तैयारी शुरू हो गई है। नगर निगम और उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) यहां 70 करोड़ 36 लाख 26 हजार रुपये से सड़कें, नालियां और साइड पटरी समेत कई विकास कार्य करेगा। इसके लिए विभाग के अधिकारियों ने निरीक्षण कर तीनों क्षेत्रों की 31 सड़कों को चयनित किया है। इसका प्रस्ताव भी तैयार कर लिया गया है।

नगर निगम ने इंफ्रास्ट्रक्चर एंड इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट डिपार्टमेंट के अपर सचिव को कार्यों का प्रस्ताव बनाकर भेजा था। जिसपर शासन से धनराशि मांगी गई थी। इसपर शासन के निर्देश पर यूपीसीडा के उप महाप्रबंधक को प्रस्तावित कार्यों के भौतिक सत्यापन के लिए नगर निगम के साथ निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए, और सही आंकलन कर रिपोर्ट मांगी थी।

जिस पर नगर निगम के जोन 2 के अधिशाषी अभियंता आरके तिवारी, जोन 5 के अधिशाषी अभियंता नानक चंद्र और यूपीसीडा के सहायक अभियंता अशोक वर्मा ने पनकी, चकेरी, रूमा औद्योगिक क्षेत्रों में प्रस्तावित कार्यों का संयुक्त निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत की है। जिसके आधार पर 31 कार्यों के लिए 70 करोड़ 36 लाख 26 हजार रुपये का बजट मांगा गया है।

खराब सड़कों से एक्यूआई हो रहा प्रभावित

विभागीय अधिकारियों ने निरीक्षण कर बताया कि पनकी, चकेरी और रूमा की कई सड़कें वर्तमान में कच्ची स्थिति में हैं। साइड पटरी भी कच्ची है। रिपोर्ट में अधिकारियों ने बताया है कि इसके चलते औद्योगिक क्षेत्रों में काफी धूल उड़ रही है। जिससे एक्यूआई प्रभावित हो रहा है। जिसके चलते कार्यों को कराना बहुत जरूरी है। 

यह कार्य होने हैं

सड़क, नाला, पुलिया, साइड पटरी, इंटरलॉकिंग

कुछ कार्य इस प्रकार:

-    जोन 5 पनकी साइड – 3 फैक्ट्री एरिया वार्ड 72 में फैक्ट्री संख्या 24 से डी 35 तक सड़क व साइड पटरी का निर्माण कार्य
-    जोन 5 वार्ड 53 में पनकी फैक्ट्री एरिया पीआईए से जे 52 तक आरसीसी नाले का निर्माण
-    जोन 5 पनकी रोटोमैक फैक्ट्री से एलएमएल चौराहा तक नाला निर्माण कार्य
-    जोन 2 चकेरी 11 औद्योगिक क्षेत्र में रोड नंबर 5 व 2 में सड़क, नाली और साइड पटरी का कार्य
-     जोन 2 रूमा औद्योगिक क्षेत्र में सड़क, नाली व साइड पटरी का निर्माण कार्य

औद्योगिक क्षेत्रों की खराब सड़कों और जलभराव की समस्या को दूर किया जाना है। इसके लिए प्रस्ताव तैयार है। कार्यों का भौतिक सत्यापन भी हो गया है।- शिवशरणप्पा जीएन, नगर आयुक्त

संबंधित समाचार