खिलेंद्र समेत मुरादाबाद मंडल के तीन शिक्षकों को बेसिक शिक्षामंत्री ने किया सम्मानित
लखनऊ में आयोजित पुरस्कार वितरण में पहुंचे थे सभी 75 जिलों के योगाचार्य , राज्य स्तरीय योग प्रतियोगिता के प्रतिभागी शिक्षकों को बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री ने प्रशस्ति पत्र दिया
लखनऊ में बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह से प्रशस्ति पत्र प्राप्त करते मुरादाबाद के चंगेरी प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक व योग प्रशिक्षक खिलेंद्र सिंह।
मुरादाबाद, अमृत विचार। बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने मुरादाबाद के खिलेंद्र सिंह के अलावा रामपुर, सम्भल सहित सभी 75 जिलों के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूलों के शिक्षकों को बेहतर प्रदर्शन के आधार पर चयनित होने पर लखनऊ में सम्मानित किया।
राज्य शैक्षिक अनुसंधान प्रशिक्षण परिषद की ओर से 15-20 जून तक पंचम राज्य स्तरीय योग प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इसमें बेहतर प्रदर्शन के आधार पर चयनित प्रदेश के सभी जिलों के बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों जो योग प्रशिक्षण भी देते हैं को पुरस्कृत करने के लिए बुलाया गया था। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद की निदेशक डॉ. अंजना गोयल ने इसके लिए बेसिक शिक्षा अधिकारियों, उप शिक्षा निदेशक और डायट प्राचार्य को पत्र लिखा था।
जिसके क्रम में मुरादाबाद के प्राथमिक विद्यालय चंगेरी के प्रधानाध्यापक व योग प्रशिक्षक खिलेंद्र सिंह को लखनऊ में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में शुक्रवार को बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इससे जिले के शिक्षकों में खुशी है।
जिला बेसिक शिक्षाधिकारी बुद्ध प्रिय सिंह ने सम्मानित शिक्षक का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि इससे दूसरे शिक्षकों को भी अच्छा कार्य करने की प्रेरणा लेनी चाहिए। वहीं मंडल के रामपुर जिले के उच्च प्राथमिक स्कूल किशनपुर पनचक्की के सहायक अध्यापक अवधेश मिश्रा, सम्भल जिले के प्रावि मिजौपुर ककरौआ के प्रधानाध्यापक ऊधमसिंह को भी बेसिक शिक्षा मंत्री के द्वारा सम्मानित करने के लिए बुलाया गया था। जिन्हें प्रशस्ति पत्र मिला।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : एमडीए 1250 हेक्टेयर में बसाएगा आधुनिक शहर, मेडिसिटी, एजुकेशन और हैंडीक्राफ्ट समेत अन्य सुविधाएं होंगी विकसित
