मुरादाबाद : भाई की हत्या कर खुद थाने जाकर किया सरेंडर, बोला- आए दिन करता था नशा, उतार दिया मौत के घाट
घटना स्थल पर पुलिस मौजूद
मुरादाबाद, अमृत विचार। थाना सिविल लाइन क्षेत्र के चक्कर की मिलक में एक भाई ने दूसरे को सिर पर लकड़ी की पटरी से वार कर मार डाला। भाई की हत्या के बाद आरोपी खुद पुलिस स्टेशन पहुंचा और आत्मसर्मपण कर दिया। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना का कारण मृतक का आए दिन नशा करना था।

थाना प्रभारी रामप्रसाद वर्मा के अनुसार आरोपी शादाब ने बताया कि उसका भाई फाकिर नशा कर आए दिन घर में विवाद करता था। शुक्रवार दोपहर को भी वह नशे में विवाद कर रहा था। इसलिए उसे मार डाला है। जानकारी पर मौके पर डॉग स्क्वायड टीम के साथ पहुंचे थाना प्रभारी राम प्रसाद वर्मा को फाकिर खून से लथपथ मिला, जहां उसकी मौत चुकी थी। उन्होंने घटना की जानकारी एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया, सीओ सिविल लाइन अर्पित कपूर को दी। दोनों अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर आरोपित शादाब के परिवार और आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने दूसरे आरोपी भाई साजिद को भी हिरासत में लिया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के भाई शादाब ने भाई की हत्या करने की बात स्वीकारी है। दूसरा भाई साजिद हिरासत में है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि हत्यारोपी शादाब का कहना था कि उसका भाई फाकिर नशा करता था। नशे के लिए रुपये भी मांगता था। नहीं देने पर आए दिन ब्लेड मारकर खुद को घायल कर लेता था। उधर, एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि फाकिर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आरोपी साजिद व शादाब हिरासत में हैं।
तीन बच्चों का पिता था फाकिर
मुहल्ले के लोगों ने बताया कि मृतक फाकिर विवाहित था। उसके तीन बच्चे भी हैं। वह कोई काम धंधा नहीं करता था। इधर-उधर से पैसे मांग कर नशा कर रोजाना घर में झगड़ता था। पूरा घर फाकिर से परेशान था। फाकिर की हरकतों से उसकी पत्नी भी परेशान थी।
ये भी पढ़ें : हद है! सुन लो, अब तुम दिखना नहीं पुलिस स्टेशन पर...
