अयोध्या: कैंप में महापौर ने कर संबंधी नौ शिकायतों का किया निस्तारण
पुरुषोत्तम नगर व जनौरा वार्ड का गिरीशपति ने किया निरीक्षण
अयोध्या/अमृत विचार। महापौर गिरीशपति त्रिपाठी ने शुक्रवार को पुरूषोत्तम नगर वार्ड का भ्रमण किया। स्थानीय नागरिकों से निगम की ओर से मिल रही सुविधाओं के संबंध में चर्चा की। इसके उपरान्त उन्होंने जनौरा में पक्का तालाब के पास लगे कैंप का निरीक्षण किया। इस दौरान प्राप्त शिकायतों का अवलोकन करते हुए तत्काल निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। कैंप में कर विभाग से संबंधित 28 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिसमें से 9 का मौके पर निस्तारण किया गया।
वार्ड जनौरा में भ्रमण करते हुए जलभराव की समस्या को भी देखा। क्षेत्रीय पार्षद एवं स्थानीय नागरिकों से वार्ता करते हुए अतिशीघ्र समस्या का निराकरण करते हुए स्थायी समाधान किये जाने हेतु आश्वस्त किया गया। महापौर ने निर्माण विभाग के अधिकारियों को वर्षा ऋतु से पूर्व तात्कालिक जल निकासी की व्यवस्था कराये जाने व स्थायी समाधान हेतु सर्वे करते हुए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कराये जाने के निर्देश दिए।
गिरीशपति ने कहा कि निगम जनसमस्याओं के निराकरण हेतु पूर्णरूपेण प्रतिबद्ध है। नगर क्षेत्र में जल भराव वाले स्थानों को चिह्नित करते हुए स्थायी समाधान कराने की कार्रवाई की जायेगी। क्षेत्रीय पार्षद धर्मेन्द्र, सहायक नगर आयुक्त अंकिता शुक्ला, अवर अभियन्ता विनोद पटेल, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी गजेंद्र कुमार, कर निर्धारण अधिकारी सुदर्शन चन्द्रा, कर अधीक्षक जय प्रकाश आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें:-रायबरेली: घर पर पड़ी दबिश तो प्रेमी ने प्रेमिका से किया किनारा फिर महिला ने उठाया यह बड़ा कदम, जानें पूरा मामला
