Kannauj News : साइको रेपिस्ट पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, किशोरी से की थी दरिंदगी, एक लाख का इनाम था घोषित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कन्नौज में पुलिस मुठभेड़ में साइको रेपिस्ट गिरफ्तार।

कन्नौज में पुलिस मुठभेड़ में साइको रेपिस्ट गिरफ्तार कर लिया गया। दिवाली से एक दिन पहले गुरसहायगंज में किशोरी से दरिंदगी की थी।

कन्नौज, अमृत विचार। फर्रुखाबाद जनपद के खुदागंज निवासी एक लाख रुपये के इनामी पॉक्सो एक्ट के वांछित साइको अपराधी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गोली मार दी। घायल होने पर उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अभियुक्त ने आठ माह पहले गुरसहायगंज के निरीक्षण भवन में एक बालिका के साथ रेप का प्रयास किया था और विरोध पर उसे मरणासन्न कर दिया था। तबसे पुलिस उसकी तलाश में थी।

पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने पुलिस लाइन सभागार में प्रेस से बात करते हुए बताया कि गुरसहायगंज कस्बा निवासी 13 वर्षीय किशोरी 23 अक्टूबर 2022 को बाजार से गोलक खरीदने गई थी। उसी समय फर्रुखाबाद जनपद के कोतवाली कमालगंज खुदागंज निवासी राम जी वर्मा पुत्र रमेशचंद्र उसे वहला फुसला कर कस्बे के पीडब्ल्यूडी गेस्टहाउस के पीछे झाड़ियों में ले गया था।

किशोरी ने विरोध किया तो अभियुक्त ने जान से मारने की नीयत से ईंट से कई प्रहार कर उसे मरणासन्न कर दिया था। पुलिस ने उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया जहां से कानपुर रेफर किया गया। आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने करीब 132 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके बाद किशोरी को भी आरोपी का चेहरा दिखाया तो उसने पहचान की। तबसे पुलिस इसकी तलाश में थी। गिरफ्तारी न हो पाने पर पुलिस ने आरोपी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।

पुलिस ने जिले समेत गैरजनपद तथा प्रदेशों तक में खोज की लेकिन आरोपी हाथ नहीं लगा। शुक्रवार की सुबह सूचना पर गुरसहायगंज पुलिस ने तेराजाकेट से मलिकपुर जाने वाले मार्ग पर एक व्यक्ति को पैदल जाते समय रोका तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उस पर फायरिंग की। गोली उसके पैर में लगी। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बताया तो पुलिस की बांछें खिल गईं क्योंकि यह वह रामजी था जिसकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही थी।

एसपी ने बताया कि यह मानसिक रोगी अपराधी है। यह किशोरावस्था से ही अपराध की तरफ मुड़ गया। बच्चों को फुसलाकर रेप करता और मार डालता था। किशोरियों की अश्लील फोटो भी सोशल मीडिया पर अपलोड करता था। वार्ता के दौरान एएसपी डा. अरविंद कुमार व सीओ डा. प्रियंका वाजपेई की मौजूदगी में मामले का खुलासा किया। एसपी ने खुलासा करने वाली टीम को 50 हजार का इनाम नकद व मेडल दिलवाने की संस्तुति करने की बात कही है।

संबंधित समाचार