बरेली: लीलौर सहसा ग्राम प्रधान की चिट्ठी से दो अफसरों पर भ्रष्टाचार के आरोप, शिकायत CDO को भेजी
जिला पंचायती राज विभाग के दो अफसरों पर लगाए गए हैं कई आरोप
बरेली, अमृत विचार। रामनगर ब्लॉक के लीलौर सहसा ग्राम पंचायत की प्रधान आरती ने कलेक्ट्रेट में अधिकारियों से शिकायत कर जिला पंचायती राज विभाग के दो अफसरों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। चार पेज की लिखित शिकायत में अफसरों पर आरोप लगाए कि फरवरी 2022 से अब तक अफसरों ने उसकी पंचायत में एक भी काम होने नहीं दिया है। पिछले कामों का भुगतान करने से पहले ही अनावश्यक रूप से ग्राम पंचायत का सरकारी डाेंगल के संचालन पर रोक लगा दी है। प्राइवेट व्यक्तियों के जरिए उसकी पंचायत के डोंगल को लगाकर भुगतान निकलवाने की भी बात कही है।
ग्राम प्रधान आरती ने जिलाधिकारी से मांग की है कि उसकी ग्राम पंचायत के सरकारी खातों से गलत और अवैध तरीके से किए जा रहे भुगतान पर रोक लगाई जाए। डेढ़ साल से विकास कार्य अवरुद्ध करने का मामला भी उठाया है। ग्राम प्रधान की लिखित शिकायत पर जनता दर्शन में सुनवाई करने वाले अधिकारी एसीएम प्रथम नहने राम ने मुख्य विकास अधिकारी को शिकायत अग्रसारित कर दी है।
ये हैं आरोप
- फरवरी 2022 से लेकर अब तक ग्राम पंचायत में कोई भी विकास कार्य नहीं होने दिए।
- पिछले दो कार्यों के भुगतान से पहले ग्राम पंचायत के सरकारी खातों पर रोक लगा दी।
- सरकारी डोंगल का संचालन पूरी तरह से मई माह 2022 से बंद कर दिया।
- लीलौर सहसा ग्राम पंचायत का डोंगल लगाकर सरकारी खाते से रुपये निकाल लिए।
- ग्राम पंचायत में दो अवैतनिक कर्मियों को गलत तरीके से मानदेय दिया जा रहा है।
- एक महिला सफाई कर्मी की नियुक्ति फर्जी तरीके से अफसरों ने की है।
यह भी पढ़ें- बरेली: जेई और एसडीओ में गाली-गलौज का वीडियो वायरल, जांच के लिए कमेटी का किया गठन
