बरेली: एसपी ट्रैफिक की गाड़ी की टक्कर से राजमिस्त्री की मौत, चालक निलंबित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमरोहा पुलिस ने किया खेल, राजमिस्त्री की मौत में अज्ञात वाहन के खिलाफ रिपोर्ट लिखी

बरेली/अमरोहा, अमृत विचार। अमरोहा में बैठक में शामिल होकर बरेली लौट रहे एसपी ट्रैफिक की सरकारी गाड़ी ने गुरुवार की देर शाम जोया मार्ग पर बाइक सवार राजमिस्त्री मुराद अली को टक्कर मार दी थी। हादसे में गंभीर रूप से घायल मुराद ने उपचार के दौरान निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया था।

घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में पुलिस अधिकारी की गाड़ी के साफ दिखने के बाद भी अमरोहा के थाना डिडौली पुलिस ने अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज की। इस पर डिडौली पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। इधर लापरवाही से गाड़ी चलाने के आरोप में सरकारी वाहन पर सहचालक के रूप में नियुक्त आरक्षी अरविन्द कुमार को निलंबित कर दिया गया है।

अमरोहा के एसपी आदित्य लांग्हे ने बताया कि राजमिस्त्री की मौत के मामले में अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इधर जोया रोड पर हुए हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर शुक्रवार को वायरल हुआ। इसमें साफ दिख रहा है कि एक सरकारी वाहन तेजी से आता है और बाइक सवार राजमिस्त्री को टक्कर मारकर निकल जाता है।

सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट लग रहा है कि वाहन किसी पुलिस अधिकारी का है। जांच में यह बात भी स्पष्ट हो गई कि वाहन बरेली के एसपी ट्रैफिक का है इसके बावजूद डिडौली थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। वहीं शुक्रवार को एसएसपी बरेली ने सरकारी वाहन पर सह चालक के रूप में नियुक्त आरक्षी अरविंद कुमार को निलंबित करते हुए विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।

पुलिस की ओर से प्रेस रिलीज जारी करते हुए कहा है कि 22 जून को अमरोहा से वापस आते समय लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाने के कारण मोटर साइकिल सवार के टक्कर लगने व अस्पताल में मृत्यु हो जाने पर थाना डिडौली जनपद अमरोहा में मुकदमा पंजीकृत हुआ है। जिसमें अरविंद का नाम प्रकाश में आया है। उपरोक्त कृत्य के परिणामस्वरूप पुलिस जैसे अनुशासित बल में रहते हुए इस प्रकार का गम्भीर कृत्य कारित कर पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने पर आरक्षी अरविन्द कुमार को तत्काल प्रभाव से निलम्बित किया गया है।

यह भी पढ़ें- बरेली: शादी के 12 साल के बाद पति गायब, 14 लोगों पर रिपोर्ट...जानिए पूरा मामला

संबंधित समाचार