अमरोहा : शादी समारोह में नोकझोंक के बाद युवक ने तहेरे भाई को मारा चाकू, मची अफरातफरी
हसनपुर (अमरोहा), अमृत विचार। शादी समारोह में एक युवक की अपने तहेरे भाई से किसी बात को लेकर नोकझोंक हो गई। नोकझोंक के दौरान युवक ने तहेरे भाई को चाकू मार दिया। की घटना से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों द्वारा घायल को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां घायल की नाजुक हालत देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया गया है।
घटना कोतवाली क्षेत्र के गांव लुहारी भूड़ में शुक्रवार रात करीब 10 बजे की है। गांव निवासी बालकरन चौहान की बेटी की बारात अमरोहा क्षेत्र के गांव बिरामपुर से आई थी। बारात चढत के बाद पंडाल में खाना चल रहा था। गांव निवासी प्रमोद चौहान व उसका चचेरा भाई रॉक्सी भी दावत में शामिल थे। इस दौरान रॉक्सी ने अचानक 28 वर्षीय प्रमोद पर चाकू से हमले शुरू कर दिए। चाकू बांह के आर पार निकल गया। प्रमोद कुछ समझ पाता इसी बीच रॉक्सी ने पेट में चाकू घोंप दिया। प्रमोद लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ा। शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई।
शादी समारोह में उपस्थित मेहमान भाग निकले। आनन-फानन में गांव के लोग व परिजन घायल को नगर के एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मौका मुआयना किया।
प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार वर्मा ने बताया कि दो दिन पूर्व सिंचाई को लेकर प्रमोद व रॉक्सी के बीच विवाद हुआ था। प्रमोद व रॉक्सी चचेरे-तहेरे के साथ मौसेरे भाई भी हैं। माना जा रहा है कि जमीनी विवाद के चलते आरोपी ने प्रमोद पर कातिलाना हमला किया। रॉक्सी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उसकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। मौके से खून सना चाकू बरामद हुआ है। प्रमोद की हालत नाजुक बताई जा रही है।
ये भी पढ़ें : कमरे में बंद कर बरेली की किशोरी से 17 दिन तक दुष्कर्म, विरोध करने पर पीटा...हत्या की धमकी
