रायबरेली: गैंगस्टर सुरेंद्र की जब्त होगी साढ़े चार करोड़ की सम्पत्ति, डीएम ने दिया कुर्की का आदेश
शिवगढ़, रायबरेली, अमृत विचार। क्षेत्र के गैंगस्टर सुरेंद्र सिंह के विरुद्ध जिला अधिकारी माला श्रीवास्तव ने करीब साढ़े चार करोड़ रुपए की संपत्ति जप्त करने का आदेश दिया है। यह कार्रवाई गिरोहबंद एवं असमाजिक क्रिया कलाप निवारण अधिनियम के अंतर्गत की गई है। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में जन सामान्य को बेहतर वातावरण को बनाए रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत असामाजिक तत्वों के विरूद्ध गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने याद दिलाया कि पूर्व में भी रतापुर के एक ऐसे अड्डे को नेस्तनाबूद करने की कार्रवाई गई थी, जिसे आपराधिक साजिशों का केंद्र और अराजक तत्वों के सेंटर के रूप में जाना जाता था। बलपूर्वक की गई उस ईमानदार कार्रवाई से लोगों को बुराई के उस प्रतीक से निजात दिलाने का प्रयास किया गया था। जिलाधिकारी ने बताया कि आज जिस सुरेंद्र सिंह के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की गई है।
उस पर शिवगढ़ तथा कोतवाली नगर में 12 आपराधिक मुकदमे पहले से ही दर्ज हैं। जिनमें उन्होंने बताया कि गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत सुरेंद्र सिंह का ग्राम कुम्हरावां में एक विद्यालय एवं हार्डवेयर मार्केट, सरांय छोत्रधारी, तहसील महाराजगंज में एक राइस मिल, ग्राम माधवखेड़ा में एक मकान सहित उसकी कुल करीब साढे़ चार करोड की सम्पत्ति जब्त करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें:-रायबरेली: मां की डांट से क्षुब्ध बेटे ने उठाया यह खौफनाक कदम, परिजनों में कोहराम
