अमरोहा: लकड़ी माफिया ने वन विभाग की टीम को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, दो चौकीदार घायल 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गांव भीमा ठीकरी में सरकारी लकड़ी काटने की सूचना पर पहुंची थी टीम, वन दरोगा की तहरीर पर कई आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज            

हसनपुर (अमरोहा), अमृत विचार। लकड़ी के कारोबारियों ने वन विभाग की टीम को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। इससे दो चौकीदार घायल हो गए। वन कर्मियों की पिटाई से विभाग में हड़कंप मच गया।  वन क्षेत्राधिकारी की तहरीर पर कई आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।

गांव भीमा ठीकरी में शनिवार वन विभाग को सरकारी लकड़ी काटने की सूचना मिली तो टीम मौके पर पहुंची। कटी हुई लकड़ी को देखकर वन विभाग की टीम ने जानकारी जुटाई तो वहां पर लकड़ी काटने वाले हरि सिंह, उमेश, त्रिलोकी, श्योराज, खूबचंद, मानसिंह व बुद्धन निवासी गांव रखेड़ा 25 से अधिक लोगों के साथ लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंच गए। लकड़ी काटने वालों ने वन विभाग की टीम को घेर लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। वन विभाग की टीम अपनी जान बचाने के लिए जाहरवीर की मूर्ति के पास पहुंची।

लकड़ी माफिया ने उन्हें वहां पर भी नहीं बख्शा और उनकी पिटाई की। जिससे वन चौकीदार राकेश निवासी गांव रखेड़ा व डालचंद गांव अल्लीपुर खादर घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए सीएससी में भर्ती कराया गया, जहां चौकीदार राकेश की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वन विभाग की टीम पर हमला की सूचना अधिकारियों को मिली तो हड़कंप मच गया।

आनन-फानन वन क्षेत्राधिकारी नरेश कुमार कोतवाली पहुंचे। लकड़ी काटने वाले माफिया के खिलाफ पुलिस को तहरीर दे दी। बताया जा रहा है कि माफिया ने वन विभाग की जमीन में खड़ी लकड़ी को काटकर उसे खाली कर दिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार वर्मा ने बताया कि लकड़ी माफिया ने वन विभाग की टीम पर हमला कर दो चौकीदारों को घायल कर दिया है। घायल चौकीदारों को उपचार के लिए सीएचसी भेज दिया है और तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

ये भी पढ़ें:- रामपुर : कृषि ड्रोन खरीदने के लिए कृषक उत्पादक संगठन को जमा करनी होगी टोकन मनी

संबंधित समाचार