पीलीभीत: कर्ज चुकाने को कर दी पांच लाख की डिमांड, रसोई में प्रवेश पर लगाई रोक..जानिए क्या है मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। कर्ज चुकाने के लिए विवाहिता से ससुरालिये ने पांच लाख रुपये दहेज की मांग की। इसे पूरा न करने पर प्रताड़ित किया और रसोई घर में प्रवेश पर भी रोक लगा दी। उसके बाद पीटकर घर से निकाल दिया। पुलिस ने पति समेत पांच पर नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।

शहर की रहने वाली पूजा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी 25 मई 2021 को उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जिले के थाना खटीमा क्षेत्र के  ग्राम रेलवे बोर्ड जीपी पंतनगर निवासी विकास कश्यप से हुई थी। मायके वालों की ओर से दिए गए दान दहेज से ससुराल वाले संतुष्ट नहीं थे। शादी तीन माह बाद ससुराल वालों ने ताने देने शुरू कर दिए। कहा कि उन पर पांच लाख रुपये कर्ज है। इसलिए कर्ज चुकता करने के लिए मायके से पांच लाख रुपये लेकर आओ। जब मांग पूरी करने में असमर्थता जताई तो ससुराल वाले प्रताड़ित करने लगे। 

आरोप है कि न तो खाने को ठीक से देते थे न ही पहनने को कपड़े। रसोई में भी घुसने नहीं दिया जाता। 18 फरवरी को मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया। किसी तरह बहन की मदद से मायके आई। अधिवक्ता के माध्यम से ससुराल वालों को एक नोटिस भिजवाया। इस पर आरोपी नौ अप्रैल को पीलीभीत आए।

लिखित में विदा कर उसी दिन ले गए। उसके बाद दोबारा मारपीट की गई। 14 जून को सुबह आठ बजे ससुरालियों ने गला दबाकर जान लेने की कोशिश की। किसी तरह खुद को छुड़ाया। कस्बे की एक महिला ने आकर मदद की। उसके बाद आरोपी पीलीभीत लाए और नकटादाना चौराहा पर छोड़ गए। पुलिस ने मामले में पति विकास कश्यप, सास रानी, जेठ आकाश, जेठानी अनुराधा, ननद काजल के खिलाफ दहेज उत्पीड़न आदि धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।

ये भी पढे़ं- पीलीभीत: दवा लेने की बात कहकर निकली महिला का फंदे से लटका मिला शव..जानिए पूरा मामला

 

 

 

संबंधित समाचार