Kanpur Dehat News : मंडप में आया दूल्हे को मिर्गी का दौरा, दुल्हन ने शादी से किया इंकार, बैरंग लौटी बारात

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर देहात में दूल्हे को पड़ा मिर्गी का दौरा।

कानपुर देहात में मंडप में दूल्हे को मिर्गी का दौरा पड़ गया। इसके बाद दुल्हन ने शादी से इंकार कर दिया।

कानपुर देहात, अमृत विचार। किशवा दुरौली में भांवर के समय दूल्हे को अचानक मिर्गी का दौरा पड़ गया। जानकारी पर लड़की ने शादी से इंकार कर दिया। काफी मान-मनौव्वल के बावजूद बात न बनने पर दोनों पक्ष सामान वापसी को लेकर सहमत हुए और बारात बिना दुल्हन लिए लौट गई।

मूसानगर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत चपरेहटा निवासी युवक ने बताया कि उनकी पुत्री की शादी संदना धरमपुर निवासी युवक के साथ तय हुई थी। तय तारीख पर शनिवार की शाम बारात गांव पहुंची। द्वारचार व जयमाल के बाद भांवर कार्यक्रम चल रहा था। तभी दूल्हे करन को अचानक चक्कर आ गया और वह मंडप के पास ही गिर गया। जिससे दुल्हन व मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। लोग दूल्हे पर पानी डालकर होश में लाए तो दुल्हन ने शादी करने से इंकार कर दिया।

जिस पर शादी की खुशियों वाले माहौल में सन्नाटा पसर गया। दोनों पक्षों के बीच रात भर पंचायत चलती रही, लेकिन दुल्हन के न मानने से मामले का कोई हल नहीं निकल सका। बाद में दोनों पक्षों ने सामान वापसी को लेकर आपसी समझौता कर लिया और बारात बिना दुल्हन के ही बैरंग लौट गई।

घंटों पंचायत के बाद भी नहीं निकला हल

शनिवार की रात मंडप में भांवर पड़ने के दौरान दूल्हे को मिर्गी का दौरा पड़ने पर दुल्हन के इंकार पर लोगों ने लड़की पक्ष को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान दोनों पक्षों के बड़े-बुजुर्ग रविवार की शाम तक घंटों मशक्कत में लगे रहे, लेकिन बात नहीं बन सकी। जिस पर बारात रविवार शाम करीब साढ़े तीन बजे बिना दुल्हन लिए लौटने को मजबूर रही।

संबंधित समाचार