संभल : महिलाओं से छींटाकशी के विरोध पर अधेड़ के पेट में चाकू घोंपा, गंभीर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

घायल की पत्नी की तहरीर पर जानलेवा हमले के आरोप में चार लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज, आरोपियों ने घायल की पत्नी व बच्चों को पीटा, घायल अवस्था में कोतवाली लेकर पहुंचे परिजन

चन्दौसी (संभल),अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चुन्नी के महामाया बुद्ध विहार में महिलाओं पर छींटाकशी के विरोध पर आरोपियों ने पत्नी के साथ घर लौट रहे व्यक्ति के साथ मारपीट की और पेट में चाकू घोंप दिया। आरोपियों ने घायल के परिजनों को भी पीटा। इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। परिजन घायल को लेकर कोतवाली पहुंचे। घायल की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के विरुद्ध जानलेवा हमला करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर कर ली है। 

घायल हृदेश अपनी पत्नी व बच्चों के साथ मोहल्ला चुन्नी में रहता है। वह रविवार को मोहल्ले के महामाया बुद्ध विहार में प्रार्थना करने अपनी पत्नी के साथ जाता है। एक सप्ताह पहले महामाया बुद्ध विहार में महिलाओं के साथ छींटाकशी करने पर हृदेश ने विरोध किया था। उस समय आरोपी पक्ष चला गया था। रविवार की सुबह हृदेश अपनी पत्नी ममता के साथ महामाया बुद्ध विहार में प्रार्थना सभा में गया था। सुबह 11 बजे पत्नी के साथ लौट रहा था। राजवीर के घर के पास आरोपी राजवीर, पवन, मोनू व टीटू ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने हृदेश से कहा कि तुम भगवान बुद्ध को क्यों मानते हो। इसी बात को लेकर झगड़ने करने लगे।

आरोप है कि पवन ने चाकू निकाल जान से मारने की नीयत से हृदेश के पेट में घोंप दिया। पेट में दो वार किए। इससे हृदेश लहूलुहान होकर वहीं गिर गया। घायल के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर उसका पुत्र राहुल, पुत्री भावना व खुशी मौके पर पहुंची और आरोपियों से भिड़ गईं। इस दौरान आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। अन्य लोगों के घटनास्थल पर पहुंचने पर आरोपी फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद परिजन घायल हृदेश को लेकर कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। हृदेश की हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घायल की पत्नी ममता की तहरीर के आधार पर राजवीर, पवन, मोनू व टीटू निवासी मोहल्ला चुन्नी के विरुद्ध जानलेवा हमला करने की धारा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।

दूसरे पक्ष ने भी लगाया छेड़छाड़ करने का आरोप, दी तहरीर
मोहल्ला चुन्नी में अधेड़ को चाकू मारने के आरोप में घायल की पत्नी की तहरीर पर चार लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। वहीं दूसरे पक्ष ने भी कोतवाली में तहरीर दी है। मोहल्ला चुन्नी निवासी महिला ने तहरीर में कहा है कि रविवार की सुबह वह घर पर अकेली थी। तभी हृदेश पक्ष के कुछ लोग घर में घुस आए और छेड़छाड़ करने लगे। विरोध पर उसके पेट में लात मार दी। जबकि वह आठ माह की गर्भवती है। घटना के बाद से उसके पेट में दर्द हो रहा है। आरोप है कि महिला व गर्भ में पल रहे बच्चे को कुछ होता है तो पहला पक्ष जिम्मेदार होगा। आरोप लगाया है कि हृदेश पक्ष के लोग मोहल्लों की महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करते रहते हैं। चाकू भी उसने स्वयं ही मारा है, ताकि हमें फंसा सके।

हत्या की सूचना पर दौड़ी पुलिस 
मोहल्ला चुन्नी में पत्नी के साथ लौट रहे अधेड़ को चाकू मारकर घायल कर दिया। इस बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी कि मोहल्ला चुन्नी में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई है। हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में कुछ ही देर में पुलिस मोहल्ला चुन्नी पहुंच गई। जानकारी करने पर पता चला कि अधेड़ को चाकू मारकर घायल किया है। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली और घायल को ई-रिक्शा से कोतवाली भेजा।

छींटाकशी को लेकर दो पक्षों के विवाद में हुई मारपीट में चाकू के हमले में एक व्यक्ति घायल हो गया। घायल का उपचार कराया गया है। घायल की पत्नी की तहरीर पर चार लोगों के विरुद्ध जानलेवा हमले के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। अरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। -सत्येंद्र सिंह पंवार, प्रभारी निरीक्षक

ये भी पढ़ें : संभल: पुलिस अधिकारी की पत्नी से लूटे जेवर बरामद करने पहुंची अंबाला पुलिस

 

संबंधित समाचार