पीलीभीत: बगावत और भितरघात की मिली माफी या फिर हो गए आउट...जानिए क्या है मामला
पीलीभीत, अमृत विचार। आगामी लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारियों में जुटी समाजवादी पार्टी अब लंबे समय से भंग चल रही जिला कार्यकारिणी घोषित करने की तैयारी कर चुकी है। इसे लेकर कई नामों पर मंथन करने के बाद निर्णय भी लिया जा चुका है। इसकी आज घोषणा भी प्रेस वार्ता करके कर दी जाएगी। मगर इसकी सुगबुगाहट तेज होते ही खलबली मच गई है। भितरघात और बगावत के आरोपों में घिरकर हाईकमान तक नाम पहुंचने के बाद ऐसे कई नेताओं की धड़कनें बढ़ी हुई हैं। अब संगठन ने उन्हें माफ किया या फिर पत्ता साफ कर दिया..देखना बाकी है। फिलहाल तमाम तरह की चर्चाएं बढ़ गई है।
विधानसभा चुनाव 2022 में मिली करारी शिकस्त के बाद समाजवादी पार्टी की जिला कार्यकारिणी भंग कर दी गई थी। लंबे समय तक निवर्तमान के तौर पर पदाधिकारियों ने पार्टी की संभाली। इतना जरूर कहीं न कहीं संगठन को नुकसान पहुंचा। बीते नगर निकाय चुनाव 2023 से पहले जिलाध्यक्ष पद पर जगदेव सिंह जग्गा की वापसी कर दी गई थी। इसके अलावा अन्य पदों पर पदाधिकारियों की घोषणा का इंतजार चल रहा था। एक दिग्गज नेता निकाय चुनाव के दौरान पाला बदलकर सत्ताधारी भाजपा में शामिल हो गए। इसे भी पार्टी के नुकसान से जोड़कर ही देखा जाता रहा। हालांकि संगठन के लोग इसका कोई असर नहीं मान रहे थे।
निकाय चुनाव में हार का मुंह देखने वाले प्रत्याशियों से मिली सूची के आधार पर हाईकमान को बागियों और भितरघातियों की भी सूचना मुहैया करा दी गई थी। जिसके बाद से अब जिला कार्यकारिणी को लेकर इंतजार चल रहा था। इसे लेकर लगातार पार्टी समर्थित कार्यकर्ताओं की खोज चल रही थी ताकि उन्हें जिम्मेदारी देकर आगे बढ़ाने के साथ ही संगठन को मजबूती के साथ लोकसभा चुनाव के पहले तराई में खड़ा किया जा सके। अब यह इंतजार पूरा हो चुका है।
सोमवार को जिला कार्यकारिणी की घोषणा की जाएगी। ऐसे में एक दिन पहले खलबली मची रही। अभी तक तमाम नेता खुद को पदों पर काबिज कराने के लिए चक्कर काट रहे थे। खुद को दूसरों से बेहतर बताने से भी पीछे नहीं रहे। अब किसकी मेहनत कितनी रंग लाई। इसका फैसला आज हो जाएगा।
पीलीभीत में समाजवादी पार्टी जिला कार्यकारिणी की घोषणा सोमवार को होगी। इसे लेकर प्रेसवार्ता भी एक होटल में आयोजित की गई है। जिसमें राष्ट्रीय सचिव लोकसभा प्रभारी वीरपाल सिंह यादव, राष्ट्रीय सचिव महिला सभा दिव्या गंगवार समेत कई नेता मौजूद रहेगे। पार्टी से लगातार जनता जुड़ रही है। सपा की नीतियों में उसका विश्वास बढ़ा है - जगदेव सिंह जग्गा, जिलाध्यक्ष समाजवादी पार्टी।
ये भी पढ़ें- पीलीभीत: हम फिदा बस आप पर हैं हजरत-ए-शाहजी मियां...दुआ को उठे हजारों हाथ
