पीलीभीत: हम फिदा बस आप पर हैं हजरत-ए-शाहजी मियां...दुआ को उठे हजारों हाथ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। कुतुब ए पीलीभीत हजरत अलहाज शाहजी मोहम्मद शेर मियां के 120वें उर्स में रविवार को कुल के दौरान जनसैलाब उमड़ पड़ा। शहर की सड़कों पर भीड़ होने से कई रास्तों पर दिन भर जाम के हालात बने रहे। दरगाह कमेटी की ओर से दूसरों की भलाई और बेहतरी का पैगाम दिया गया। भीड़ के बीच व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस को खासा मशक्कत करनी पड़ी।

रविवार को दिन निकलने के साथ दूसरे राज्य और जिलों से आने वाले जायरीन के दरगाह पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। धीरे-धीरे जायरीन की भीड़ जन सैलाब में नजर आने लगी। उर्स में सुबह कुरान ख्वानी हुई। पूर्वाह्न करीब 10 बजे बड़े कुल शरीफ की रस्म शुरू हुई। दरगाह की परंपरागत मिलाद हुई। कलाम पेश किए गए।

इसके बाद दरबार ए शेरिया के सज्जादा नशीन हजरत मुन्ने मियां शेरी ने कहा कि अल्लाह तआला अपने बंदों से कहता है कि तुम मेरा जिक्र करो, मैं तुम्हारी फिक्र करूंगा। नबियों और वलियों से यही पैगाम हम तक पहुंचा है, इसलिए अल्लाह का जिक्र करते रहो इसी में भलाई है। इसी में तरक्की और कामयाबी है। उन्होंने कहा कि शाहजी मियां हुजूर का भी यही पैगाम रहा।

इस दौरान दरबार-ए-शेरिया की ओर जाने वाले सभी रास्ते कुल शरीफ शुरू होने से पहले ही खचाखच भर गए। तिल रखने तक की कहीं जगह नहीं रही। कुल शरीफ शुरू होते ही जिसे जहां तक पहुंच मिला वह वहीं ठहर गया। जायरीनों ने बाबा की इबादत में हाथ उठाते हुए दुआ फरमाई। इस दौरान बड़ी तादाद में जायरीन ने दरगाह शरीफ पर हाजिरी देकर शाहजी मियां को खिराजे अकीदत पेश की। ठीक 12 बजे कुल का समापन हुआ। दोपहर एक बजे खकरा चौकी स्थित मजार हजरत शाहजी मियां के मामू हजरत नेमतुल्लाह शाह मियां का कुल शरीफ के साथ समापन किया गया।

ये भी पढ़ें- पीलीभीत: प्रसव के बाद महिला की मौत पर निजी अस्पताल में हंगामा..जानिए पूरा मामला 

संबंधित समाचार