बरेली: रुहेलखंड विश्वविद्यालय परिसर में संचालित पाठ्यक्रमों में प्रवेश शुरू
प्रवेश परीक्षा के तहत होने वाले प्रवेशों के संबंध में जल्द जारी होंगे दिशा-निर्देश
बरेली, अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने परिसर में संचालित पाठ्यक्रमों में भी प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रवेश परीक्षा के तहत होने वाले प्रवेशों के संबंध में जल्द ही दिशा-निर्देश जारी किए हैं। बीटेक, बीफार्मा और कई डिप्लाेमा पाठ्यक्रमों में पहले ही पंजीकरण शुरू हो गए थे। अब अन्य पाठ्यक्रमों में भी पंजीकरण शुरू कर दिए गए हैं।
मीडिया सेल प्रभारी डॉ. अमित सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश शुरू हो चुके हैं। परिसर में बीटेक, बीफार्मा, एलएलएम, एमएड, बीएड, बीटेक, एमटेक, बीसीए, एमबीए, बीएचएम में अलग-अलग स्तर की प्रवेश परीक्षाओं के माध्यम से प्रवेश होंगे। इसके अलावा ऑनलाइन पंजीकरण के माध्यम से एमए, एमएससी और कई डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश होंगे। छात्र प्रवेश संबंधी जानकारी के लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट से अपडेट प्राप्त कर सकते हैं।
स्नातक में प्रवेश के लिए 19 हजार पंजीकरण
विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में स्नातक में प्रवेश के लिए पंजीकरण 17 जून से चल रहे हैं। नौ दिनों में करीब 19 हजार छात्रों ने प्रवेश पंजीकरण करा लिया है। इनमें बीए में करीब 10 हजार, बीएससी जीव विज्ञान में 3600 और गणित में 1300 से अधिक पंजीकरण हुए हैं। बीकॉम में प्रवेश के लिए करीब दो हजार पंजीकरण हो गए हैं। महाविद्यालयों के अन्य पाठ्यक्रमों, विश्वविद्यालय परिसर में संचालित बीटेक व अन्य पाठ्यक्रमों समेत सभी में अब तक करीब 20 हजार पंजीकरण हो गए हैं।
ये भी पढ़ें- बरेली: गरीब भक्तों के भी हैं काशी विश्वनाथ... न छीनें पूजा-अर्चना करने का अधिकार
