रायबरेली: बोलरो की टक्कर से सड़क पार कर रही मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत, परिजनों में कोहराम
सतांव/रायबरेली, अमृत विचार। गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र के लालगंज-बछरांवा मार्ग पर खगिया खेड़ा के पास सोमवार की सुबह एक तेज रफ्तार बोलेरों गाड़ी ने सड़क पार कर रही आठ वर्षीया बच्ची को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गयी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल बच्ची को एम्बुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र जतुवा टप्पा पहुंचाया। जहाँ उसे मृत घोषित कर दिया गया। हादसे के बाद परिजनों का रोरोकर बुरा हाल है।
थाना क्षेत्र के अर्जुन खेड़ा मजरे बर दर निवासी छक्की की पत्नी रूपरानी सोमवार की सुबह अपनी आठ वर्षीय बेटी सोनाली के साथ खगिया खेड़ा गाँव में सड़क के पास दुकान में पंखा बनवाने आयी थी।दोनों बाजार में इरफान की दुकान पर बैठी थी। करीब साढ़े नौ बजे सोनाली अचानक उठकर सड़क पार करने लगी।
इस दौरान गुरुबख्शगंज की ओर से आ रही तेज रफ्तार बोलेरों गाड़ी ने उसे तेजी से टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।हादसे का मंजर देख माँ के होश उड़ गए। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस के जरिए घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जतुवा टप्पा पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने मासूम को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मां सहित सभी परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम के लिए भेजा है।
यह भी पढ़ें:-गौतम बुद्ध नगर: महिला ने ससुराल पक्ष के लोगों पर दर्ज कराया दहेज उत्पीड़न का केस, देवर पर लगाया अश्लील हरकत का आरोप
