International Anti Drug Day : एनसीसी कैडेट्स ने रैली निकालकर लोगों को किया जागरूक
लोगों को दी गई नशा करने से होने वाले नुकसान की जानकारी
बछरांवा /रायबरेली, अमृत विचार। दयानंद पीजी कॉलेज बछरावां में अंतरराष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस के अवसर पर रैली का आयोजन एनसीसी कैडेटों के द्वारा किया गया। रैली को महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ सुभाष चंद्र श्रीवास्तव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। एनसीसी कैडेट नशा मुक्ति के स्लोगन तख्तियां लेकर चल रहे थे और नशा मुक्ति हेतु नारे भी लगा रहे थे।
रैली कोतवाली पहुंची तो कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार राय ने कैडेटों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा मुक्ति अभियान की जिम्मेदारी जहां सरकार और प्रशासन की है ,वही आम जनता भी इस अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। रैली को सफल बनाने के लिए कस्बा प्रभारी लोकेंद्र सिंह एवं कोतवाली के समस्त स्टाफ ने महत्वपूर्ण भूमिका अदा की। रैली सीएचसी पर पहुंची तो प्रभारी डॉ ने कैडेटों को नशा से होने वाली हानियों के बारे में जानकारी दी। रैली का समापन महाविद्यालय प्रांगण में हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य ने सभी कैडेटों को नशा मुक्ति हेतु शपथ दिलाई।
उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेट राष्ट्र के सजग प्रहरी हैं। नशा समाज के लिए अभिशाप है, और एक ज्वलंत समस्या है। जन जागरण एवं जन आंदोलन के माध्यम से नशा मुक्त स्वस्थ समाज के निर्माण में एनसीसी कैडेट अपने दायित्व का निर्वाह कर सकते हैं। एनसीसी एएनओ कैप्टन डॉ विष्णु श्रीवास्तव ने कहा कि एनसीसी कैडेट नशा मुक्ति अभियान को आम जनता से जोड़कर आगे बढ़ा सकते हैं। इस अवसर पर विजय गुप्ता, सुखबीर सिंह, राजबहादुर, ट्रेनर राहुल चौरसिया, आदि उपस्थित रहे। एनसीसी कैडेट अजय शिवम, विशाल, अभिषेक, नीलम, यशी,अंजलि, आदि ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
ये भी पढ़ें -रायबरेली में लोकतंत्र सेनानियों ने आपातकाल के दर्द को किया साझा, हुए सम्मानित
