रायबरेली में लोकतंत्र सेनानियों ने आपातकाल के दर्द को किया साझा, हुए सम्मानित 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लालगंज/ रायबरेली, अमृत विचार। नगर के महावीर इन पैलेस में आपातकाल के दौरान डीआईआर मीसा के तहत बिना किसी अपराध के जेल में बंद किए गए लोकतंत्र सेनानी रक्षकों का अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री गिरीश नारायण पांडे ,देवता चौरसिया, राधा किशन तिवारी ,राम वरदान सिंह को अंग वस्त्र व प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। 

लोकतंत्र सेनानी रक्षकों ने आपातकाल के दौरान कांग्रेस के द्वारा गये  कहर को  आज की पीढ़ी के लोगों के साथ साझा किया। लोकतंत्र सेनानी राम वरदान सिंह ने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का सांसद चुनाव हाईकोर्ट ने रद्द कर दिया था। जिसके चलते उन्होंने राष्ट्रपति से आदेश पारित कराकर देश में आपातकाल लागू कर दिया था। आपातकाल के दौरान किसी को कहने सुनने का मौका नहीं दिया गया। लाखों लोगों को जेल में बंद कर दिया गया था।  

लोकतंत्र सेनानी पूर्व मंत्री गिरीश मोहन पांडे ने अपनी यादें साझा करते हुए कहा कि उन्हें पुलिस ने घर से बुलाकर जेल में बंद कर दिया था। 11 महीने जेल में रहे, घर गृहस्थी सब चौपट हो गई थी। छूटने की आशा नहीं थी लेकिन हाईकोर्ट से जमानत मिली और बाद में गवाहों के द्वारा मामले को झूठा बताने पर मुकदमा समाप्त हुआ। 

पूर्व मंत्री बताते हैं कि पुलिस प्रशासन ने बर्बरता की सभी हदें पार कर दी थी। कांग्रेसी बहुत खुश थे और उन्हें लगने लगा कि अब हमें कोई हरा नहीं सकता है। इसी गलतफहमी में 1977 में इंदिरा गांधी ने चुनाव का दांव चला और कांग्रेस बुरी तरह हार गई। इंदिरा गांधी भी चुनाव हार गई और 19 महीने बाद देश में लोकतंत्र बहाल हुआ। 

उन्होंने कहा कि आपातकाल में बंद लोग अब अंतिम पड़ाव झेल रहे हैं। कुछ राज्य सरकारों ने लोकतंत्र सेनानी घोषित किया है। कुछ सुविधाएं और सम्मान राशि दे रहे हैं। उन्होंने लोकतंत्र को बचाने के लिए सत्याग्रह करने वाले लोकतंत्र सेनानी रक्षकों को राष्ट्रीय स्तर पर स्वतंत्रता सेनानियों की सुविधा प्रदान करने की मांग की है। साथ ही आपातकाल के काले अध्याय को पाठ्यक्रम में भी शामिल करने की मांग की है जिससे आने वाली पीढ़ी को कांग्रेस के काले कारनामों का पता चल सके और लोग सावधान रहें। 

इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि यूपीसीएलडीएफ चेयरमैन और राज्य मंत्री वीरेंद्र तिवारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोकतंत्र सेनानी रक्षक का सम्मान प्रत्येक वर्ष करती है। उन्होंने लोकतंत्र सेनानी रक्षकों से कहा कि उनकी मेहनत बेकार नहीं जाएगी और लोकसभा चुनाव 2024 में कांग्रेस का रायबरेली से भी सफाया होना निश्चित है। 

कार्यक्रम का संयोजन भारतीय जनता पार्टी ,श्री परशुराम महासभा, ऑल मीडिया जर्नलिस्ट एसोसिएशन, विद्यार्थी परिषद और व्यापार मंडल के संयुक्त तत्वाधान में किया गया। संचालन श्री परशुराम महासभा के प्रदेश अध्यक्ष और भाजपा के मीडिया संयोजक सुशील शुक्ला के द्वारा किया गया।इस अवसर पर भाजपा नेता हरी शंकर पांडे, रविनंदन सिंह चौहान, अनूप पांडे,देवेंद्र सिंह बबलू, विजय बाजपेई, व्यापार मंडल अध्यक्ष विवेक शर्मा, व्यापार मंडल जिला अध्यक्ष रोहित सोनी, विद्यार्थी परिषद प्रमुख नीलेश शुक्ला, सभासद कैलाश बाजपेई, मंडल अध्यक्ष आशुतोष शुक्ला जगन्नाथ पांडे, सतीश त्रिवेदी, रविशंकर बाजपेई,महामंत्री मनोज अवस्थी, उपाध्यक्ष शिवम गुप्ता ,राजेश सिंह फौजी, राम प्रताप सिंह ,सुरेंद्र गुप्ता ,अनुज अवस्थी, बृजेश द्विवेदी, गणेश शंकर दीक्षित, अजय कुमार शुक्ला, देवेंद्र अवस्थी, अशोक शुक्ला, सभासद महेश सोनी, सभासद बबलू तिवारी, विमल धानुक, अमित बाजपेई सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें -रायबरेली : मामूली विवाद में युवक ने भाई के साले और उसके दोस्त को मारी गोली

संबंधित समाचार