बरेली: जंक्शन पर मई-जून में 3.60 लाख लीटर रेल नीर गटक गये यात्री
गर्मी के मौसम में पांच गुना बढ़ी जंक्शन पर रेल नीर की खपत
मोनिस खान/बरेली, अमृत विचार। बारिश ने गर्मी से थोड़ी राहत भले दी हो, लेकिन बीत दिनों चिलचिलाती गर्मी की वजह से बरेली जंक्शन पर रेल नीर की खपत पांच गुना तक बढ़ गई। मई और जून में जंक्शन पर आने वाले रेल यात्री करीब 3.60 लाख लीटर रेल नीर गटक गये।
जंक्शन पर ठंडे पानी के लिए वॉटर कूलर और पानी की टंकियों की व्यवस्था की गई है। लेकिन गर्मी में वॉटर कूलर और सादा पानी की टंकियों पर लगने वाली भीड़ से बचने के लिए लोग रेल नीर खरीदते हैं। रेल अधिकारियों के मुताबिक बरेली जंक्शन पर आम दिनों में रेल नीर की खपत 100 पेटी यानी 1200 बोतल प्रतिदिन होती है। इस लिहाज से हर महीने यात्री जंक्शन पर 36 हजार लीटर रेल नीर पी जाते हैं।
मगर मई और जून में यह आंकड़ा बढ़कर 500 पेटी यानी छह हजार बोतल प्रतिदिन और 1.80 लाख लीटर रेल नीर प्रतिमाह हो गया है। कुल मिलाकर रेल यात्री 3.60 लाख लीटर रेल नीर सिर्फ मई और जून में ही पी गये। खास बात यह है कि जंक्शन पर रेल नीर के अलावा कोई दूसरा पानी नहीं बेचा जा सकता है। रेल नीर की कमी होने पर अधिकारियों के अनुमति के बाद ही किनले की बिक्री कराई जा सकती है।
स्टॉल संचालक रखें रेल नीर का अतिरिक्त स्टॉक
रेल अधिकारियों ने सख्त निर्देश दिये हैं कि रेल नीर खत्म होने से पहले ही इसका अतिरिक्त स्टॉक रखना जरूरी है, क्योंकि रेल नीर की आपूर्ति नहीं होने तक पूर्व के स्टॉक को जंक्शन पर खपाया जा सके। स्टॉक खत्म होने से पहले ही इसकी सूचना अधिकारियों को दी जाए। बरेली जंक्शन को रेल नीर की आपूर्ति हापुड़ स्थित प्लांट से की जाती है।
ये भी पढ़ें- बरेली: UPSSSC परीक्षा में सरल प्रश्नों ने आसान की राह, खिल उठे विद्यार्थियों के चेहरे
