रायबरेली: काटते समय हाईटेंशन लाइन पर गिरा पेड़, बीस हजार की आबादी के सामने छाया बिजली संकट
खीरों, रायबरेली, अमृत विचार। विद्युत उपकेंद्र कलुआखेड़ा के रनापुर फीडर की हाईटेंशन लाइन पर मंगलवार को सुबह एक यूकेलिप्टस का पेड़ गिर गया। जिससे पूरे फीडर की आपूर्ति बाधित हो गई और लगभग बीस हजार से अधिक आबादी के सामने बिजली का संकट खड़ा हो गया । ग्रामीणों से मिली सूचना पर पहुंचे विभागीय कर्मचारियों ने लाइन की मरम्मत का काम शुरू कर दिया है।
विद्युत उपकेंद्र कलुआखेड़ा से रनापुर के नाम से फीडर संचालित है। जिससे रनापुर, पहरौली, बल्लाखेड़ा, देवीखेड़ा, लोदीपुर, धुराई, गुमदापुर, नयाखेड़ा, नंदेहरी आदि सहित लगभग तीस गांव को आपूर्ति दी जाती है। मंगलवार को सुबह नयाखेड़ा मजरे धुराई गांव के पास एक ठेकेदार यूकेलिप्टस के पेड़ों की कटान करा रहा था।
इसी दौरान एक यूकेलिप्टस का पेड़ रनापुर फीडर की हाईटेंशन लाइन पर गिर गया। जिससे इस लाइन के सभी तार टूटकर जमीन पर गिर गए। गनीमत यह रही कि लाइन टूटने के समय रोस्टिंग होने के कारण आपूर्ति बंद थी। जिससे बड़ी घटना टल गई। लाइन टूटने से पूरे फीडर की आपूर्ति बाधित हो गई और लगभग बीस हजार से अधिक की आबादी के सामने बिजली का संकट खड़ा हो गया।
ग्रामीणों से मिली सूचना के बाद बिजली के कर्मचारियों ने पहुंचकर लाइन की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया है। अवर अभियंता रामनाथ ने बताया कि यूकेलिप्टस का पेड़ गिरने से आपूर्ति बाधित हो गई है। लाइन की मरम्मत कराई जा रही है। लाइन की मरम्मत का कार्य पूरा होते ही आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
यह भी पढ़ें:-दुस्साहस: लखनऊ में पुलिसकर्मियों पर हमला, महिला सिपाही की फाड़ी वर्दी
