Kanpur News: उमस भरी गर्मी में बिजली ने छुड़ाया पसीना, सात लाख लोग परेशान, 50 मोहल्लों में घंटों बत्ती गुल
कानपुर में उमस भरी गर्मी में बिजली ने छुड़ाया पसीना।
कानपुर में उमस भरी गर्मी में बिजली ने छुड़ाया पसीना। बिजली संकट से सात लाख लोग परेशान रहे। 50 मोहल्लों में घंटों बत्ती गुल रही।
कानपुर, अमृत विचार। शहर की चरमराई बिजली व्यवस्था सुधरने का नाम नहीं ले रही है। उमस भरी में बिजली नहीं मिलने से सात लाख से अधिक लोग सोमवार को पसीना-पसीना हो गए। सोमवार को भी दनादन फॉल्ट हुए और पांच स्थानों पर ट्रांसफार्मर खराब होने से घंटों बत्ती गुल रही।
गर्मी में अबाध बिजली आपूर्ति और फाल्टों से निपटने के लिए केस्को द्वारा किए गए सारे इंतजाम धड़ाम हो गए हैं।
केस्को अधिकारी अपने दावे के मुताबिक कहीं भी 23 घंटे बिजली नहीं दे पा रहे हैं। सोमवार को अहिरवा उपकेंद्र के तीन ट्रांसफार्मर, व गोपाल नगर में एक ट्रांसफार्मर में खराबी आ गई।
जिस कारण इन क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति करीब 12 घंटे तक बाधित रही। इसके अलावा नारामऊ, शारदा नगर, विजय नगर, मछरिया, जाजमऊ, बंबा रोड गुमटी, विकास नगर, दामोदर नगर, पी रोड, कल्यानपुर, गोविंद नगर, ट्रांसपोर्ट नगर, यशोदा नगर, साकेत नगर, निराला नगर, कोयला नगर, जरीब चौकी, चमनगंज, हनुमंत विहार, बारादेवी जूही, नौबस्ता, केशव नगर, दादा नगर, देहली सुजानपुर, श्याम नगर समेत 50 से अधिक मोहल्लों में फील्टों के कारण बिजली की समस्या रही।
फॉल्ट होने के कारण कई क्षेत्रों में आठ घंटे और कुछ जगहों पर चार से पांच घंटे तक बिजली नहीं रही। इस वजह से करीब सात लाख से अधिक लोगों को उमस भरी गर्मी में परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली बंद होने की वजह से पेयजल की समस्या भी रही। केस्को मीडिया प्रभारी ललित कृष्ण ने बताया कि फॉल्टों को दुरुस्त किया जा रहा है। आलूमंडी, जरीबचौकी, विश्व बैंक बर्रा, पराग डेरी व नौबस्ता में ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुए हैं। सोमवार को 227 शिकायतों का निस्तारण किया गया ।
