Jalaun News: अमृत सरोवर के लिए अधिकारियों के साथ जिलाधिकारी ने चलाया फड़वा, सुंदरीकरण के लिए 13.96 लाख का बजट
जालौन में अमृत सरोवर के लिए अधिकारियों के साथ जिलाधिकारी ने चलाया फड़वा।
जालौन में अमृत सरोवर के लिए अधिकारियों के साथ जिलाधिकारी ने चलाया फड़वा। काशीरामपुर में 400 वर्ष पुराने तालाब को अमृत सरोवर बनाया जा रहा।
जालौन, अमृत विचार। काशीरामपुर गांव का 400 वर्ष पुराना तालाब अब अमृत सरोवर के नाम से जाना जाएगा। इसका कायाकल्प करके पिकनिक स्पॉट बनाने की तैयारी है। इसके लिए 13.96 लाख का बजट पास किया गया है। सरकार की मंशा पूरी हो तालाब सुंदर दिखे और पानी का संरक्षण हो इसके लिए डीएम चांदनी सिंह ने अधिकारियों के साथ इसकी शुरुआत फीता काटकर की। इसके बाद वह हाथों में फड़वा लेकर श्रमदान करने लगी तो उनके इस कार्य की खूब सराहना हुई।
मंगलवार को विकास खण्ड कदौरा के ग्राम काशीरामपुर में अमृत सरोवर के निर्माण के लिये डीएम चाँदनी सिंह, सीडीओ अजय कुमार श्रीवास्तव, डीसी मनरेगा अवधेश दीक्षित, खण्ड विकास अधिकारी अश्वनी कुमार सिंह ने श्रमदान करते हुये अमृत सरोवर तालाब का फीता काटकर शुभारंभ किया।
उन्होंने लोगों को श्रमदान करने के लिए प्रेरित किया। ग्राम पंचायत काशीरामपुर में अमृत सरोवर, कुकरताल तालाब की खुदाई एवं सुंदरीकरण का कार्य 13.96 लाख रुपए के बजट से कराया जाना है। डीएम ने कहा कि ग्राम पंचायत काशीरामपुर में लगभग 400 वर्ष पुराना तालाब है। जिसे अमृत सरोवर तालाब बनाकर उसे पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
तालाब के चारों तरफ फुटपाथ का निर्माण कराने के साथ लाईटिंग लगाई जाएं। अमृत सरोवर तालाब के चारों तरफ छायादार वृक्ष लगाना भी सुनिश्चित करें। उन्होने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार की मंशा के मुताबिक गांव में अमृत सरोवर तालाबों का निर्माण कराया जा रहा है। जिससे आने वाले समय में बुन्देलखण्ड में जल की समस्या से निजात मिलेगी। इस अवसर पर ग्राम प्रधान, अतरिक्त कार्यक्रम अधिकारी लोकेन्द्र, ग्राम पंचायत सचिव वैभव के अलावा ग्राम प्रधान और ग्रामीण मौजूद रहे।
