अमरोहा के आम की महक विदेश तक, मिठास के दीवाने हैं लोग
अमेरिका व दुबई समेत कई देशों में होता है आम का निर्यात
सलमान खान, अमरोहा, अमृत विचार। आम का मौसम हो और अमरोहा की चर्चा नहीं तो मजा नहीं आएगा। क्योंकि अमरोहा के आम दुनिया भर में अपने स्वाद और सुगंध के लिए प्रसिद्ध हैं। वैसे तो अमरोहा शायरों का शहर भी कहलाता है। यहां की ढोलक बड़े-बड़ों लोगों को अपनी थाप पर नचाती है, लेकिन अमरोहा के आम की बात ही कुछ और है। इसकी मिठास और महक के क्या कहने।
विदेशी भी अमरोहा के आम के दिवाने हैं, जो लाखों रुपये खर्च कर यहां से अपनी पंसद के आम मंगा रहे हैं। हाल ही में सरकार ने आम के पॉली हाउस की सौगात देकर इसे वैश्विक बाजार का बड़ा मंच दिया है। यहां की मिट्टी में कई किस्म के आम की पैदावार होती है। यहां से अमेरिका, जापान, आस्ट्रेलिया, दुबई, सऊदी अरब, ईरान, उजबेकिस्तान, इटली, स्पेन, जर्मनी, हालैंड व लंदन तक आम निर्यात किया जाता है। सबसे अधिक मांग खड़ी देशों में है।
जिला मुख्यालय के अलावा तहसील हसनपुर व नौगांवा सादात में आम के बड़े बाग हैं। जहां भारी मात्रा में आम की पैदावार होती है। इन बागों का दशहरी, चौसा, लंगड़ा, बंबई, फजरी, समर बहिश्त, सुरखा, हुसन आरा, कट्ठा व तोतापरी मशहूर है। भारत के लोग अमरोहा से आम मंगवाते हैं तो विदेशी भी यहां के आम का स्वाद चखने का इंतजार करते हैं।
महाराष्ट्र के अल्फांसो, गुजरात के केसर व नीलम को भी दी मात
जानकारों की मानें तो अमरोहा का वातावरण और मिट्टी आम की पैदावार के लिए बेहद मुफीद है। यहां पैदा होने वाले आम की कुछ किस्में ऐसी भी हैं, जो दुनिया भर में मशहूर हैं। जिसमें सबसे ज्यादा दशहरी, चौसा और लगड़ा आम पसंद किया जाता है। विदेश से सबसे ज्यादा मांग इन्हीं तीन वैरायटी के आम की रहती है। अमरोहा के आमों की मिठास ने तो निर्यात के मामले में महाराष्ट्र का अल्फांसो और गुजरात का केसर व नीलम तथा आंध्र प्रदेश के बैगनपल्ली को भी मात दी है।
समर बहिश्त, हुस्न आरा व सुरखा की मांग अधिक
वैसे तो प्रदेश में लगभग 70 किस्म के आमों की पैदावार होती है। इनमें लखनवी सफेदा, बनारसी लंगड़ा, मलिहाबादी दशहरी की मांग देश-विदेश में की जाती है, लेकिन इन सभी किस्म के आम पर अमरोहा का चौसा, लंगड़ा, दशहरी, समर बहिश्त, हुस्नआरा, आम्रपाली, मकसूस व सुरखा हर साल भारी पड़ता है।
दुबई जाएगा 200 टन आम
आम कारोबारी नदीम अहमद सिद्दीकी ने बताया कि उनकी कंपनी को दुबई से अब तक 200 टन आम का आर्डर मिल चुका है। विदेश से आने वाली मांग के मुताबिक, यह दायरा और बढ़ सकता है। इस साल जिस तरह से ऑर्डर मिल रहे हैं, उससे कारोबार बेहतर होने की उम्मीद है। उनके मुताबिक, यहां से 10 कंटेनर में 200 टन आम हवाई जहाज से दुबई भेजा जाएगा। इसमें सिर्फ दशहरी, लंगड़ा व चौसा शामिल है।
अमरोहा का आम देश के साथ विदेश में पसंद किया जाता है। हर साल सीजन में आम का अच्छा कारोबार होता है। इस साल भी विदेश से आम कारोबारियों को आर्डर मिले हैं, जिससे अच्छा कारोबार होगा। - प्रवेश चंद्र, जिला उद्यान अधिकारी, अमरोहा
ये भी पढ़ें:- अमरोहा : कोमल हत्याकांड का खुलासा सास ने की थी कोमल की हत्या, अमित को विदेश भेजकर करना चाहती थी दूसरी शादी
