Kanpur Dehat: PWD दफ्तर में पी रहे थे शराब, वीडियो हुआ वायरल, प्रशासनिक अधिकारी निलंबित, जानें- पूरा मामला
कानपुर देहात में पीडब्ल्यूडी दफ्तर में शराब पीने पर प्रशासनिक अधिकारी निलंबित।
कानपुर देहात में पीडब्ल्यूडी दफ्तर में बाबू व कर्मचारियों का सोशल मीडिया पर शराब पीने का वीडियो वायरल हुआ था। वहीं, जांच टीम ने पांच साल पहले का वीडियो बताया।
कानपुर देहात, अमृत विचार। लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड कार्यालय परिसर में बाबू और कर्मचारियों का सोमवार को शराब पीते वीडियो वायरल होने के मामले में तीन सदस्यीय जांच टीम ने रिपोर्ट सौंप दी। शराब पीने की पुष्टि होने पर अधीक्षण अभियंता ने निर्माण खंड एक के प्रशासनिक अधिकारी को निलंबित कर दिया गया।
अकबरपुर ब्लॉक के बारा गांव के पास लोक निर्माण विभाग का प्रांतीय खंड कार्यालय है। सोमवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो गया था। जिसमें कार्यालय का एक बाबू व कर्मचारी अन्य लोगांे के साथ शराब पीते दिखाई दे रहे हैं और ठहाकों की आवाज सुनाई दे रही है। हालांकि इन्हीं ठहाकों के बीच किसी शख्स ने फाइलों की आड़ लेते हुए वीडियो बनाते हुए उसे वायरल कर दिया था।
हालाकि अमृत विचार वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। मामला सोशल मीडिया पर आते ही कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। पीडब्ल्यूडी के अधिशाषी अभियंता प्रांतीय खंड नवीन शर्मा ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की थी। जिसकी रिपोर्ट में वीडियो करीब पांच साल पुराना बताया गया है। जांच टीम ने कार्यालय में शराब पीने में पांच में से तीन कर्मचारियों की पहचान की है। जिसमे पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड एक के प्रशासनिक अधिकारी रामखेलवान, प्रधान सहायक कमल अग्रवाल व पूर्व में निलंबित वरिष्ठ सहायक अवनीश कुमार के शामिल होने की पुष्टि हुई।
जिसपर लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता कन्हैया झा ने निर्माण खंड एक के प्रशासनिक अधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन्हें एक्सईएन कानपुर नगर कार्यालय में संबद्ध करते हुए विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है। वहीं अन्य दोनों कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई को रिपोर्ट भेजी गई है।
