बरेली: ऑनलाइन हो रहे हैं चालान, वाहन चालक हो जाएं सावधान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जनवरी से मई तक नियमों के उल्लंघन से 8 लाख 40 हजार का मिला राजस्व

बरेली, अमृत विचार। बिना हेलमेट लगाकर दोपहिया वाहन चला रहे हैं और तीन सवारी बैठी है तो आपका चालान होते देर नहीं लगेगी। चालान का पूरा विवरण आपके मोबाइल पर आएगा। स्मार्ट सिटी के तहत संचालित ट्रिपल आई सी से सीसीटीवी कैमरों की मदद से ऑनलाइन जनवरी से मई तक शहर में 7269 चालान किए गए हैं। इनसे 8 लाख 40 हजार रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है, जबकि जून 2022 से दिसम्बर 2022 तक शहर में 39 हजार 103 चालान से 42 लाख 9300 रुपये राजस्व प्राप्त हुआ था। यह जानकारी मेयर डॉ. उमेश गौतम के साथ ट्रिपल आईसी के भ्रमण को गये पार्षदों को आईटी इंजीनियर ने बताई।

डा. गौतम ने कई बिंदुओं पर इंजीनियर से जानकारी लेने के साथ ही उन्हें सुझाव भी दिये। इंजीनियर ने बताया कि शहर में छह जगहों पर इमरजेंसी कॉल बाक्स लगाए गए हैं। मेयर ने कहा कि कॉल बाक्स के पोल पर इमरजेंसी को सफेद रंग से क्यों लिखा है इसे लाल रंग का होना चाहिए। मेयर की बात सुनकर इंजीनियर कुछ बोल नहीं पाए। एक पार्षद ने कहा कि इमरजेंसी कॉल बाक्स जीजीआईसी पर ही क्यों लगाया गया है। शहर में साहू रामस्वरूप डिग्री कॉलेज, अवंतीबाई, इस्लामिया गर्ल्स कॉलेज के पास भी लगना चाहिए।

जाम में फंसने वालों के लिए नंबर जारी करने की तैयारी
मेयर ने कहा कि स्टेशन रोड और प्रमुख बाजारों में लगे कैमरों को भी ट्रिपल आईसी के कैमरों की व्यवस्था से जोड़ लिया जाए तो सुरक्षा का दायरा भी बढ़ जाएगा। इंजीनियर ने बताया कि यह काम हो सकता है। पार्षद ने कहा कि ऐसी कोई सुविधा हो जिससे जाम में फंसा व्यक्ति कॉल करे और समस्या हल हो जाए।

मेयर ने कहा कि कोई एक नंबर ऐसा हो जिसे सार्वजनिक करके जनता को सुविधा दिलाई जा सके। इसके लिए एक लैंडलाइन नंबर का परीक्षण किया गया, लेकिन इसकी घोषणा अभी नहीं की गई है। इस दौरान अपर नगर आयुक्त सुनील यादव, अजीत कुमार सिंह, उपसभापति सर्वेश रस्तोगी, आरिफ कुरैशी, शालिनी वर्मा, डा. बनवारी लाल ,पूर्व पार्षद अजय चौहान, मुकेश मेहरोत्रा आदि पार्षद मौजूद रहे।

ये भी पढे़ं- बरेली: एमएसएमई दिवस पर विधायक नवाबगंज ने लाभार्थियों को वितरित की टूलकिट 

संबंधित समाचार