प्रवेश में न हो दिक्कत, इसलिए बरेली कॉलेज में आवेदन की जमा होंगी हार्डकॉपी
पिछले सत्र में प्रवेश के दौरान आई दिक्कतों की वजह से लिया निर्णय
बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज में पिछले सत्र में स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश के दौरान छात्रों को कई तरह की दिक्कतें आई थीं। जिसमें सबसे ज्यादा परेशानी उन छात्रों को हुई थी, जिन्होंने एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर तो पंजीकरण करा लिया था लेकिन कॉलेज के पोर्टल पर नहीं, या फिर कॉलेज के पोर्टल पर पंजीकरण करा लिया था लेकिन विश्वविद्यालय के पोर्टल पर नहीं। इसकी वजह से जब मेरिट जारी हुई थी तो उन्हें प्रवेश नहीं मिल सका था। इस समस्या के समाधान के लिए इस बार कॉलेज प्रशासन ने पंजीकरण की हार्डकॉपी जमा कराने का निर्णय लिया है। बुधवार से कॉलेज में हार्डकॉपी जमा हाेना शुरू होंगी।
कॉलेज में बीए, बीएससी और बीकॉम में प्रवेश पंजीकरण 23 जून से शुरू हो गए हैं। अब तक 954 छात्रों ने प्रवेश के लिए पंजीकरण करा लिया है। कॉलेज में प्रवेश के लिए विश्वविद्यालय के पोर्टल पर भी पंजीकरण आवश्यक है। इस बार छात्रों से प्रवेश पंजीकरण की हार्डकॉपी भी जमा कराई जाएगी। आवेदन करने वाले अभ्यर्थी हार्ड कॉपी सभी संबंधित दस्तावेजों के साथ सेमिनार रूम में सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक जमा कर सकते हैं।
पिछले सत्र में कुछ छात्रों ने विश्वविद्यालय के पोर्टल में पंजीकरण में बीकॉम चुना लेकिन काॅलेज के पोर्टल पर बीकॉम ऑनर्स चुन लिया था। इसके अलावा भी कई तरह की दिक्कतें आई थीं। ऐसे में इस बार ऑनलाइन पंजीकरण के साथ हार्डकॉपी का मिलान किया जाएगा। इसके बाद मेरिट जारी की जाएगी ताकि कोई परेशानी न हो।
अब तक हुए पंजीकरण
बीएससी गणित-102, बीएससी जीव विज्ञान-194, बीए-447, बीकॉम- 211
विगत सत्रों में कई अभ्यर्थियों को अलग-अलग समस्याएं हुई थीं। इसको देखते हुए पंजीकरण की हार्डकॉपी जमा कराई जाएगी। मंगलवार शाम 5 बजे तक 954 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण करा लिए हैं- प्रो. वंदना शर्मा, मुख्य प्रवेश नियंत्रक बरेली कॉलेज।
स्नातक में प्रवेश को 25 हजार से अधिक आवेदन
एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश पंजीकरण 17 जून से शुरू हो गए हैं। विश्वविद्यालय के पोर्टल पर 10 दिनों में 25 हजार से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं, जिनमें सबसे अधिक बीए में हुए हैं। बीए में 13 हजार से अधिक, बीकॉम में 2400, बीएससी जीव विज्ञान में 4800 और गणित में 1700 से अधिक पंजीकरण हो गए हैं।
ये भी पढे़ं- बरेली: कोलतार मिक्स बजरी लेकर जा रहे ट्रक में लगी भीषण आग, ड्राइवर ने कूदकर बचाई अपनी जान
