Hamirpur News: यमुना नदी में क्षतविक्षत अवस्था में मिला शव, साथियों के साथ मछली का शिकार करते लापता हुआ था युवक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हमीरपुर में यमुना नदी में क्षतविक्षत अवस्था में मिला शव।

हमीरपुर में यमुना नदी में क्षतविक्षत अवस्था में शव मिला। साथियों के साथ मछली का शिकार करते युवक लापता हुआ था।

हमीरपुर, अमृत विचार। शहर के भिलावां मोहल्ला निवासी युवक का क्षतविक्षत शव यमुना नदी के किनारे मिलने से सनसनी फैल गई। युवक अपने तीन अन्य साथियों के साथ यमुना पुल के निकट मछली का शिकार करने पिछले सोमवार को गया था। तब अचानक लापता होने पर परिजनों ने कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। मृतक के भाई ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

भिलावां निवासी अभिषेक निषाद (22) पड़ोसी जीतू निषाद (28), मिडुवा निषाद (63) व कैलाश निषाद (35) के साथ पिछले सोमवार को दिन में करीब 11 बजे मछली का शिकार करने यमुना नदी पुल के पास गए थे। मृतक की मां संगीता पत्नी रवि निषाद ने सदर कोतवाली में सूचना पिछले मंगलवार को सूचना दी। जिसमें कहा कि 26 जून को करीब 11:30 बजे उसका पुत्र अभिषेक निषाद मछली का शिकार करने गया था।

बताया कि वह व जीतू नीचे नदी में मछली पकड़ने चले गए और मिडुवा तथा कैलाश बाहर बैठे थे, कुछ देर बाद जब जीतू आया और पूछा कि अभिषेक कहां है। इस पर मिडुवा और कैलाश ने बताया कि वह घर चला गया है, लेकिन वह घर नहीं पहुंचा था। इस पर सभी उसकी खोजबीन करते रहे मगर पता न लगने पर कोतवाली में रात में घटना की सूचना दे गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

बुधवार को अभिषेक का शव यमुना नदी में किनारे संगहमहेश्वर मंदिर के पास क्षतविक्षत अवस्था में पाया गया हैं। शव नदी के किनारे आने के कारण जानवरों ने आंशिक रूप से नष्ट कर दिया है। इस मामले में सीओ राजेश कमल का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम को भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई होगी।

संबंधित समाचार