Etawah Suicide News : ट्रैक्टर एजेंसी संचालक के बेटे ने खुद को गोली से उड़ाया, 20 मई को हुई थी शादी
इटावा में ट्रैक्टर एजेंसी संचालक के बेटे ने खुद को गोली से उड़ाया।
इटावा में ट्रैक्टर एजेंसी संचालक के बेटे ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक की 20 मई को शादी हुई थी।
इटावा, अमृत विचार। फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत सोनालिका ट्रैक्टर एजेंसी के संचालक के पुत्र ने बुधवार की सुबह अपने घर के बाथरूम में जाकर पिस्टल से गोली मार ली। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी होने पर परिजन उसे पहले एक प्राइवेट अस्पताल ले गए। बाद में उसे जिला अस्पताल लाया गया जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पिस्टल को अपने कब्जे में ले लिया है।
क्षेत्र के मोहल्ला अशोक नगर निवासी सुरेश चंद्र यादव सोनालिका ट्रैक्टर की एजेंसी का संचालन करते है। बुधवार की सुबह उनका 30 वर्षीय पुत्र निखिल यादव रोजाना की तरह पहले जिम गया। वहां से लौटने के बाद उसने एजेंसी खोली। अन्य लोगों के एजेंसी पर आने के बाद वह एजेंसी के ऊपर बने अपने आवास पर चला गया। सुबह करीब 11 बजे वह बाथरूम में चला गया जहां उसने अवैध पिस्टल से अपनी कनपटी में गोली मार ली।
गोली लगने से वह घायल होकर गिर पड़ा। गोली की आवाज सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। उसे गंभीर अवस्था में इलाज के लिए एक प्राइवेट अस्पताल ले गए जहां डाक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल भेज दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक फ्रेड्स कालोनी रमेश सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। एसपी सिटी कपिल देव सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। छानबीन के दौरान पुलिस को मौके से अवैध पिस्टल बरामद हुई। पुलिस ने पिस्टल को अपने कब्जे में ले लिया। युवक ने गोली क्यों मारी इसके कारणों का पता नही चल सका है। पुलिस गहराई के साथ छानबीन कर रही है। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि युवक ने अवैध पिस्टल से गोली मारकर आत्महत्या की है। आत्महत्या क्यों की इसके कारणों का अभी पता नही चल सका है। पुलिस गहराई के साथ मामले की छानवीन कर रही है। शव को पोस्ट मार्टम के लिए भेजा गया है।
एक माह पूर्व हुई थी युवक की शादी
मृतक ने दिल्ली से बी टेक की पढाई की थी। पढाई करने के बाद वह अपने पिता के व्यवसाय में हाथ बंटाने लगा। पढाईपूरी होने के बाद परिवार के लोगों ने उसकी शादी तय कर ली। 20 मई 2023 को उसकी शादी किशनी के राम नगर तिराहा निवासी अंजलि के साथ हुई थी। शादी के बाद अंजलि ससुराल रही बाद में वह अपने मायके चली गई। इस समय अंजलि अपने मायके में थी। घटना की जानकारी मिलने पर वह अपने परिवार के साथ ससुराल पहुंची। निखिल की मौत से पत्नी सहित परिवार के लोगों का रो रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोगों का भी कहना रहा कि उसे किसी प्रकार की कोई परेशानी नही थी उसके बाद भी उसने इस प्रकार का कदम उठाया।
