लखनऊ में बिक रहे 51 लाख के बकरे, गर्दन पर 'अल्लाह' लिखा होने का हो रहा दावा
लखनऊ, अमृत विचार। बकरीद के त्यौहार को लेकर मुस्लिम समाज के लोग जोर-शोर से तैयारियां कर रहे हैं। राजधानी लखनऊ में कुर्बानी के लिए बकरा बाजार सज गए हैं। वहीं बकरा खरीदने के लिए खरीददारों की खूब भीड़ उमड़ रही है और मनचाही कीमत पर अच्छी नस्ल और कद-काठी वाले बकरे मिल रहे हैं।
बकरा मंडी में इस बार बिक्री के लिए देशी, बारबरी, तोतापरी, लाहौरी, पंजाबी बीटल, कोटा और विदेशी नस्ल अफ्रीकी बोअर और स्विट्जरलैंड के सानेन जैसी कई किस्में बिक रही हैं। जिनकी कीमत 10 हज़ार से लेकर लाखों रूपये तक हैं। वहीं दुबग्गा स्थित बकरा मार्केट में दो बकरे काफी चर्चा में बने हुए हैं। जिनकी कीमत 51 लाख रुपये हैं। दरअसल दोनों बकरे अपनी विशिष्ट पहचान के लिए मशहूर हैं। इनकी गर्दन पर जन्म से ही अरबी भाषा में अल्लाह का निशान है। जिसकी वजह से ये दोनों बकरे सबसे महंगे बताए जा रहे हैं।
प्रयागराज से आए दोनों बकरों के मालिक मुश्ताक अहमद ने बताया कि इन बकरों में से एक का नाम सलमान और दूसरे का नाम गनी है। दोनों के जन्म से ही गर्दन पर अल्लाह का निशान है। उन्होंने बताया कि दोनों बकरों की देखभाल और खान-पान के लिए बहुत पैसा खर्च किया है। गनी नाम का बकरा उन्होंने राजस्थान से खरीदा था जबकि सलमान का जन्म उनके घर पर ही हुआ था।
बकरा मार्केट एक बीटल नस्ल की खासी बकरा भी है। जो दिखने में सफेद रंग का है और इसकी लंबाई लगभग चार फीट की है। बकरे के मालिक अशरफ हुसैन सुल्तानपुर से आये हैं। उन्होंने बताया कि यह बकरा 27 महीने का है और इसकी कीमत 11 लाख रखी गई है। साथ ही इस बीटल नस्ल की बकरे का वजन लगभग दो कुंटल का है। वहीं बकरा मार्केट में भानमती नाम की महिला चांद वाला बकरा बेचने आयी हैं। जिसके माथे पर चांद बना हुआ है। भानमती ने इस बकरे की कीमत 10 लाख रुपये रखी है। इसके अलावा एक बकरा जिसके कान पर अल्लाह के निशान का दावा किया गया जिसकी कीमत बकरे के मालिक ने 5 लाख रुपये रखी है।
बकरा व्यापारियों ने बताया कि इस बार बाजार थोड़ा हल्का है और बिक्री में कमी आई है। उन्होंने बताया कि बाजार में बकरे तो खूब सारे आये हैं लेकिन बाजार आशाजनक लग रहा है। इस साल बेहतर बिक्री की उम्मीद कर रहे हैं। उन्होंने आगे बताया कि इस बार लोग विदेशी के अलावा भारी वजन वाले बारबरी बकरों की भी ज्यादा मांग कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें : सहारनपुर में भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद पर चली गोली
