VIDEO: पीड़ित स्वयं हो गया पीड़ा का शिकार, सिटी मजिस्ट्रेट ने फरियादी को निकाला बाहर, गनर ने की थप्पड़ों की बौछार
बांदा में खाकी वर्दीधारी ने पीड़ित पर कर दी थप्पड़ों की बौछार।
बांदा में खाकी वर्दीधारी ने पीड़ित पर कर दी थप्पड़ों की बौछार। सिटी मजिस्ट्रेट ने पीड़ित फरियादी को बाहर निकालने का फरमान सुनाया था।
बांदा, अमृत विचार। भाई की मौत पर आलाधिकारियों से न्याय की फरियाद लेकर पहुंचा पीड़ित तब स्वयं ही खाकी वर्दीधारी की पीड़ा का शिकार हो गया, जब सिटी मजिस्ट्रेट ने गनर को बुलवाकर फरियादी को अपने चेंबर से बाहर निकालने का फरमान सुना दिया। अफसर का आदेश पाकर खाकी वर्दी धारी ने उस पर थप्पड़ों की बौछार कर दी। इस मौके पर किसी ने वीडियो बनाने के बाद सोशल मीडिया में वायरल कर दी। हालांकि ‘अमृत विचार’डॉट काम इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
अपने भाई की मौत के मामले पर इंसाफ मांगने कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे जसपुरा निवासी दीपू के साथ एक खाकी वर्दी धारी द्वारा मारपीट किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मारपीट की घटना से पूरे परिसर में अफरा तफरी मच गई और वहां मौजूद अफसर महज मूक दर्शक बने तमाशा देखते रहे।
बांदा : जिलाधिकारी कार्यालय में गनर ने पीड़ित की पिटाई। pic.twitter.com/tzVVVFIXDt
— Amrit Vichar (@AmritVichar) June 28, 2023
पीड़ित दीपू ने बताया कि तीन माह पहले उसके भाई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उसका आरोप है कि उसके भाई की मौत आत्महत्या नहीं बल्कि रंजिशन की गई साजिश है। बताया कि बीते तीन माह से वह लगातार एसडीएम पैलानी और सीओ के यहां चक्कर काट रहा है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। पैलानी के अफसरों के यहां चक्कर काट कर जब वह थक गया तो जिलाधिकारी के जनता दरबार में आ पहुंचा।
जिलाधिकारी के अवकाश पर होने के कारण यहां सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार के कार्यालय में पेश हुआ और अपनी समस्या सुनाई। तभी सिटी मजिस्ट्रेट उसकी किसी बात पर भड़क गये और गार्ड को बुलाकर उसे बाहर निकालने का फरमान सुना दिया। सुरक्षा गार्ड उसे घसीटते हुए बाहर लाया और बेंच पर धकेल दिया। इसके बाद गाली गलौज करते हुए थप्पड़ों की बरसात कर दी। पीड़ित जब कर कुछ समझ पाता, सुरक्षा गार्ड ने उस पर कई थप्पड़ और घूंसे मार दिए। पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
हालांकि ‘अमृत विचार’डॉट काम वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता। उधर सिटी मजिस्ट्रेट राजेश सिंह का कहना है कि फरियादी बहस कर रहा था तो उन्होंने गनर से बाहर करने को कहा था, लेकिन वायरल वीडियो से जानकारी हुई कि उसने फरियादी को थप्पड़ मारे हैं। इस संबंध में उन्होंने पुलिस अधीक्षक से गनर की शिकायत की है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी।
