संभल: मजहब का सौदा सियासत से नहीं किया जा सकता- शफीकुर्रहमान बर्क
संभल, अमृत विचार। अपने बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में रहने वाले संभल लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी के सांसद डा. शफीकुर्रहमान बर्क यूनिफॉर्म सिविल कोड के मुद्दे पर भी मुखर हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक घर में दो कानून को गलत करार दिया तो जवाब में सपा सांसद डा. शफीकुर्रहमान बर्क ने कहा कि मजहब अलग चीज है और सियासत अलग चीज है। मजहब का सौदा सियासत से नहीं किया जा सकता।
बुधवार को अपने आवास पर अमृत विचार से खास बातचीत में सांसद डा. शफीकुर्रहमान बर्क ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ये लोग जिस तरह से यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू करना चाहते हैं वह गलत है। देश में रहने वाले अलग-अलग धर्मों के लोग धार्मिक कामों में अपने धर्म के हिसाब से काम करते हैं। उसमें हमें किसी तरह का दखल नहीं देना चाहिए।
चाहे वह किसी का धर्म हो, इस्लाम हो, हिंदू धर्म हो या कोई और धर्म हो। सबके मजहबी खयालात अलग हैं। मुस्लिम पर्सनल ला बोर्ड द्वारा यूनिफॉर्म सिविल कोड पर सरकार को ड्राफ्ट बना कर देने को लेकर डा. बर्क ने कहा कि देश में अलग-अलग खयालात के उलेमा हैं सबकी जब तक एक जैसी राय नहीं होगी उस पर अमल नहीं किया जा सकता।
भाजपा को गरीब आदमी की नहीं 2024 की फिक्र
सांसद डा. शफीकुर्रहमान बर्क ने महंगाई के मुद्दे पर कहा कि भाजपा सरकार को गरीब आदमी कि नहीं 2024 की फिक्र है। कोई भूखा मर जाए या उसे कोई चीज न मिले, इन्हें इसकी कोई फिक्र नहीं है। देश में कैसे महंगाई दूर हो भुखमरी दूर हो बेरोजगारी दूर हो इस पर तो यह काम नहीं कर रहे। नफरत की राजनीति के सहारे 2024 देख रहे हैं। बर्क बोले कल को तुम्हें, जब 100 रुपए किलो टमाटर मिलेगा तो भाजपा को कोई वोट क्यों देगा। वोट तो बहुत कीमती चीज है, बेशकीमती है।
रंग लाएगी विपक्षी एकता, सत्ता से बाहर होगी भाजपा
विपक्ष की एकजुटता पर सांसद बर्क ने कहा कि हमें पूरा यकीन है कि विपक्षी एक होकर भाजपा को सत्ता से बाहर करेंगे। विपक्षियों का यही लक्ष्य है कि मौजूदा सरकार हर हालत में जानी चाहिए। अभी जो विपक्षी पार्टियों की मीटिंग हुई उसमें भी सभी की मंशा यही थी कि भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए सबको मिलकर काम करना है। एक ऐसी नीति बनानी है जिससे विपक्ष में किसी तरह का मनमुटाव न हो दूरियां पैदा न हों। हमें पूरा यकीन है कि ये हारेंगे और विपक्ष कामयाब होगा।
यह भी पढ़ें- संभल: पिकअप की टक्कर से टेंपो सवार बालक की मौत, 12 श्रद्धालु घायल
