प्रयागराज: बकरीद पर मुल्क में अमन-चैन के लिए मांगी दुआ, मणिपुर में शांति के लिए नमाजियों ने तख्ती रखकर पढ़ी नमाज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रयागराज/अमृत विचार। बकरीद की नमाज के साथ अकीदतमंदों ने मणिपुर में हो रही हिंसा के खत्म होने के साथ अमन और शांति की दुआ मांगी। शहर के रामबाग ईदगाह में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज अदा करते वक्त अपने आगे छोटी तख्ती लगाकर दुआये  मांगी। मणिपुर में मैतेई व कुकी समुदाय के बीच हिंसा के कारण प्रयागराज के भी कई लोग भी प्रभावित हैं। कई छात्र-छात्राओं को अपनी पढ़ाई के बीच में छोड़कर वापस प्रयागराज आना पड़ा है। जिससे लोग परेशान हैं।

इस दौरान मुल्क की बरकत के लिए नमाजियों ने दुआ मांगी। गंगा जमुनी तहजीब की नगरी प्रयागराज में गुरुवार को ईद-उल-अजहा (बकरीद) की नमाज अकीदत के साथ अदा की गई। अल्लाह की राह पर खुद को कुर्बान करने का जज्बा पैदा करने वाले इस त्यौहार पर शहर के रामबाग ईदगाह समेत सभी मस्जिदों में मोमिनीन ने पहले रब की रजा के लिए सजदा किया गया। उसके बाद नमाज अदा की गई।

शहर के चौक स्थित जामा मस्जिद, अबूबकर मस्जिद, करेली की गौसिया मस्जिद, शाहगंज में एक मिनारा मस्जिद, बड़ा ताजिया अटाला, वासियाबाद, मदीना मस्जिद, जानसनगंज, मुन्ना मस्जिद, करेली, सियाजामा मस्जिद, बैतुस्सलात करेली मस्जिद समेत सभी मस्जिदों में नमाजियों ने पूरे अदब और एहतराम के साथ नमाज अदा की। नमाज अदा होने के बाद घरों में कुर्बानी का दौर शुरू हुआ। बकरीद के मद्देनजर मस्जिदों में नमाज ए ईद उल अजहा की तैयारियां पहले ही कर ली गई थी।

ईद उल अजहा की नमाज सुबह 6:00 से 10:30 के बीच अम्नो मिल्लत के साथ मुकम्मल की गई। कुर्बानी के बाद उसका तबर्रुक पहुंचाने लोग अपने अपने अजीज और रिश्तेदारों के घर आना-जाना शुरू किए। इस दौरान सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट कर रहा। पुलिस ने पहले से तैयारियां कर रखी थी। सड़क पर नमाज अदा न हो, ट्रैफिक व्यवस्था डिस्टर्ब न हो, इसका विशेष ख्याल रखा गया।

यह भी पढ़ें:-अयोध्या: चारा लेने जा रहे बुजुर्ग की करंट की चपेट में आकर मौत 

संबंधित समाचार